काठमांडू, 13 अगस्त । पूर्व प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के पूर्व सभापति शेरबहादुर देउवा स्वदेश लौट आए हैं। वह गुरुवार को बैंकॉक के रास्ते नेपाल पहुंचे। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल पर नेपाली कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभेच्छुकों ने उनका स्वागत किया।
पिछले वर्ष सितंबर में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान देउवा और उनकी पत्नी आरजु राणा देउवा पर हमला किया गया था। इस दौरान उनके घर में आगजनी भी की गई थी। घटना के बाद उपचार के लिए देउवा सिंगापुर चले गए थे। इसके बाद मार्च में वह आगे के उपचार के लिए सिंगापुर होते हुए हांगकांग पहुंचे थे।
करीब साढ़े पांच महीने बाद हांगकांग से बैंकॉक होते हुए गुरुवार को देउवा नेपाल लौटे। देउवा का स्वागत करने के लिए कांग्रेस के पूर्व कार्यवाहक सभापति पूर्णबहादुर खड्का सहित नेता प्रकाशमान सिंह, कृष्णप्रसाद सिटौला, आनंद ढुंगाना, मोहन बस्नेत और विमलेन्द्र निधि समेत कई नेता विमानस्थल पहुंचे।
नेपाल लौटने के बाद देउवा ने पार्टी के भीतर एकता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वह सत्ता या शक्ति हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से सक्रिय होने के लिए लौटे हैं। देउवा ने कहा कि नेपाली कांग्रेस को एकजुट होकर देश में सक्रिय अन्य सभी राजनीतिक दलों के साथ भी सहमति और सहयोग के आधार पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने पार्टी के भीतर दिखाई दे रहे मतभेद और निराशा को तत्काल दूर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। देउवा ने कहा कि मैं नेता बनकर नहीं, बल्कि इस महान राष्ट्र का आजीवन नागरिक बनकर लौटा हूं। उन्होंने राष्ट्र, राष्ट्रीयता, लोकतंत्र और विधि के शासन के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।
















