मंडला, 12 अगस्त । मध्य प्रदेश के मंडला में बुधवार सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने वन विभाग के एक लिपिक के आवास पर छापेमार कार्रवाई की। जबलपुर ईओडब्ल्यू की टीम ने पश्चिम सामान्य वन मंडल में पदस्थ लिपिक स्वेतांक चौरसिया के राज राजेश्वरी स्थित आवास पर दबिश दी। कार्रवाई आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत से जुड़ी बताई जा रही है।
बुधवार सुबह ईओडब्ल्यू की टीम के अचानक पहुंचने से इलाके में हलचल मच गई। टीम ने आवास में मौजूद दस्तावेजों और संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू की। अधिकारियों की टीम आय-व्यय, संपत्ति और उससे जुड़े दस्तावेजों का मिलान कर रही है।
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर कार्रवाई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ईओडब्ल्यू को लिपिक स्वेतांक चौरसिया के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बुधवार सुबह जबलपुर ईओडब्ल्यू की टीम मंडला पहुंची और उनके आवास पर कार्रवाई शुरू की। छापे के दौरान टीम द्वारा घर में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेज, संपत्ति से संबंधित कागजात और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
अधिकारियों की जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि संबंधित कर्मचारी की घोषित आय और उसके पास मौजूद संपत्ति के बीच कितना अंतर है। ईओडब्ल्यू की टीम आय के स्रोतों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
अधिकारियों द्वारा बैंक खातों, संपत्ति के कागजात, निवेश और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी की भी जांच किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, छापे की कार्रवाई पूरी होने और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित रूप से आय से अधिक कितनी संपत्ति मिली है। फिलहाल ईओडब्ल्यू की कार्रवाई जारी है।


















