रोज एक गिलास फ्रूट जूस पीने से दूर होता है ड‍िप्रेशन? स्टडी में चौंकाने वाला खुलासा

post

रोज एक गिलास फ्रूट जूस पीने से दूर होता है ड‍िप्रेशन? स्टडी में चौंकाने वाला खुलासा

क्या रोज एक गिलास फ्रूट जूस आपके मूड को बेहतर बना सकता है? ब्रिटेन की एक स्टडी में 100% फ्रूट जूस या स्मूदी पीने वाले लोगों में डिप्रेशन के लक्षणों में कुछ कमी देखी गई. हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि इस नतीजे को अंतिम सत्य नहीं माना जा सकता, लेकिन यह जरूर संकेत मिलता है कि फल और सब्जियों से भरपूर डाइट मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर डाल सकती है.

रोजाना जूस पीने वालों में दिखा बदलाव

रिसर्च में शामिल वालंटियर्स को तीन ग्रुप्स में बांटा गया था. एक ग्रुप को सामान्य डाइट जारी रखने के लिए कहा गया, जबकि दूसरे ग्रुप को रोजाना 5 पोर्शन फल और सब्जियां खाने के लिए कहा गया. तीसरे ग्रुप को भी '5-a-day' लक्ष्य पूरा करने के लिए कहा गया, लेकिन इसके साथ रोज एक गिलास 100% फ्रूट जूस या स्मूदी भी दी गई. चार हफ्ते बाद जूस और स्मूदी पीने वाले लोगों में डिप्रेशन के लक्षणों का स्कोर दूसरे ग्रुप के मुकाबले 2.52 पॉइंट कम रहा.

क्या है '5-a-day' लक्ष्य 

'5-a-day' कैंपेन, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन की सलाह पर आधारित एक ग्लोबल हेल्थ गाइड है. यह दिल की बीमारी, स्ट्रोक और कैंसर के जोखिम को कम करने के साथ-साथ रोजाना फाइबर, विटामिन और मिनरल का सेवन बढ़ाने के लिए हर दिन कम से कम 80-80 ग्राम फल और सब्जियां खाने की सलाह देता है.

स्टडी की मुख्य बातें:

  • 42 लोगों पर रिसर्च की गई
  • स्टडी 4 हफ्ते चली
  • रोज 100% फ्रूट जूस या स्मूदी दी गई
  • डिप्रेशन स्कोर में 2.52 पॉइंट की कमी दिखी
  • बड़े स्तर पर और रिसर्च की जरूरत

स्टडी के बारे में 

यह स्टडी सिर्फ 42 वालंटियर्स पर की गई और इसका पीरियड भी 4 हफ्ते था. इसलिए इसके नतीजों को यह साबित करने वाला प्रूफ नहीं माना जा सकता कि फ्रूट जूस सीधे तौर पर डिप्रेशन का इलाज करता है या नहीं. रिसर्चर्स ने वालंटियर्स के मूड को मापने के लिए कुछ वैलिड सवाल पूछे. इनमें डिप्रेशन के लिए PHQ-9 और एंग्जायटी के लिए GAD-7 शामिल थे. रिसर्च में दोनों डाइट-इंटरवेंशन ग्रुप्स के फाइबर सेवन में भी अनुमानित 8 से 10 ग्राम प्रतिदिन की बढ़ोतरी देखी गई.

सिर्फ जूस नहीं, पूरी डाइट का भी है महत्व

रिसर्चर्स ने इस बात पर जोर दिया कि फल और सब्जियां खाना स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है. 5-a-day लक्ष्य पूरा करने में फ्रूट जूस या स्मूदी कुछ लोगों के लिए आसान ऑप्शन हो सकता है, खासकर तब जब ताजे फल और सब्जियां खरीदना या रेग्युलरली खाना मुश्किल हो. हालांकि, पूरे फल और सब्जियां फाइबर सहित कई पोषक तत्व उपलब्ध कराते हैं. इसलिए जूस को पूरी डाइट का ऑप्शन नहीं माना जाना चाहिए.

You might also like!




Advertisment