प्रधानमंत्री ने कहा-हम यह सुनिश्चित करेंगे कि 2047 तक देश विकसित राष्ट्र बने


देश 15 August 2026
post

प्रधानमंत्री ने कहा-हम यह सुनिश्चित करेंगे कि 2047 तक देश विकसित राष्ट्र बने

नई दिल्ली, 15 अगस्त  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को देशवासियों से बड़े सपने देखने और ऊंचे संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि कोई भी राष्ट्र अपने सपनों, संकल्पों और सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़कर महान बनता है। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि 2047 तक देश विकसित राष्ट्र बने।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में मोदी ने कहा, ‘‘अब छोटे सपनों से चलने वाला नहीं है। अब बड़े सपने होने चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़े सपने सोच का विस्तार करते हैं और देश के संकल्प भी ऊंचे होने चाहिए।’’उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया के संकट में कुछ लोगों को देश को डराने में आनंद आ रहा था। लेकिन देश ने देख लिया कि पिछले 10 12 वर्षों की सुविचारित योजनाएं काम आ रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज देश में पेट्रोल भी है डीजल भी है यूरिया भी है। हम अपनी ताकत पर खड़े होकर चल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि वैश्वीकरण का दौर अब बदल रहा है, दुनिया अपने पास उपलब्ध संसाधनों को अपने हित में इस्तेमाल करने लगी है। ऐसे समय में आत्मनिर्भरता की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यदि देश ने आत्मनिर्भरता की दिशा में तैयारी नहीं की होती तो मौजूदा चुनौतियों का सामना करना कठिन होता।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की तैयारियां लगातार मजबूत हो रही हैं और भारत अपनी क्षमताओं के आधार पर आगे बढ़ रहा है। मोदी ने आगे कहा कि लोगों के प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत पिछले 12 वर्ष में ‘फ्रेजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ । मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से हर कोई भारत को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश विकसित राष्ट्र बनेगा तो विश्व भारत को अलग नजरिये से देखने के लिए मजबूर हो जाएगा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इससे पहले महात्मा गांधी एवं अन्य स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हर दिल में वंदे मातरम् की गूंज, हर घर में तिरंगा लहरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करने से पहले लाल किले पर सलामी गारद का निरीक्षण किया।

You might also like!




Advertisment