मैनचेस्टर, 09 अक्टूबर । मैनचेस्टर यूनाइटेड के विंगर अमाद डियालो ने कहा है कि उनकी टीम का मौजूदा सत्र में प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है और उसे प्रीमियर लीग में अपनी स्थिति सुधारने के लिए लगातार बेहतर खेल दिखाना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैनचेस्टर यूनाइटेड जैसे क्लब को हमेशा खिताब के लिए चुनौती पेश करनी चाहिए।
जियोस्टार को दिये गए साक्षात्कार में डियालो ने कहा कि अंक तालिका में 12वें स्थान पर होना उनकी टीम की वास्तविक क्षमता के अनुरूप नहीं है। मैनचेस्टर यूनाइटेड शनिवार, 10 अक्टूबर को ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉटेनहम हॉटस्पर का सामना करेगा। टीम इस मुकाबले में जीत के साथ वापसी करना चाहेगी।
डियालो ने कहा, “हमने सत्र की शुरुआत उस तरह नहीं की, जैसी हम चाहते थे। एक जीत और दो ड्रॉ मैनचेस्टर यूनाइटेड जैसे क्लब के लिए पर्याप्त नहीं हैं। हम अभी अंक तालिका में 12वें स्थान पर हैं और यह हमारी जगह नहीं है। हालांकि, सत्र अभी लंबा है और कुछ भी तय नहीं हुआ है। हमें हर मैच पर ध्यान देना होगा, अभ्यास में कड़ी मेहनत करनी होगी और ड्रॉ को जीत में बदलना शुरू करना होगा।”
उन्होंने आगे कहा, “क्या हम खिताब जीत सकते हैं? अभी सत्र की शुरुआत है, लेकिन हमें खुद के प्रति ईमानदार रहना होगा। खिताब की दौड़ में शामिल होने के लिए हमें काफी सुधार करना होगा और लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। मैनचेस्टर यूनाइटेड ऐसा क्लब है, जिसे हमेशा खिताब के लिए लड़ना चाहिए। हम इसी लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेंगे और सत्र के अंत में देखेंगे कि हम कहां खड़े हैं।”
इंग्लैंड में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए डियालो ने कहा कि नए देश और माहौल में ढलने में उन्हें समय लगा। वह 2021 में प्रीमियर लीग में खेलने के लिए इंग्लैंड पहुंचे थे।
उन्होंने कहा, “जब मैं 2021 में इंग्लैंड आया, तो शुरुआती कुछ सप्ताह मेरे लिए अजीब थे। नया देश, नया माहौल, अंग्रेजी नहीं बोल पाना और अलग-अलग संस्कृतियां—मुझे यहां के वातावरण में ढलने में समय लगा। मैनचेस्टर यूनाइटेड से जुड़ने के बाद मैंने सबसे पहले खुद से कहा, ‘ईश्वर का धन्यवाद।’ यूनाइटेड के लिए खेलना मेरा सपना था।”
डियालो ने बताया कि क्लब में आने के बाद उनकी मुलाकात अपने आदर्श पॉल पोग्बा से हुई। उन्होंने पोग्बा के साथ तस्वीर खिंचवाने का अनुरोध किया था और बाद में उनके साथ खेलने का अवसर भी मिला। डियालो ने इसे ऐसा अनुभव बताया, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
डियालो ने 2024 एफए कप के क्वार्टर फाइनल में लिवरपूल के खिलाफ अतिरिक्त समय में किए गए निर्णायक गोल को अपने करियर के सबसे यादगार पलों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि ओल्ड ट्रैफर्ड में अपने प्रशंसकों के सामने बड़े प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ निर्णायक गोल करना बेहद भावुक अनुभव था।
उन्होंने कहा, “एफए कप के क्वार्टर फाइनल में विजयी गोल करना मेरे करियर के बड़े पलों में से एक है। वह भी लिवरपूल जैसी बड़ी प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ, ओल्ड ट्रैफर्ड में और अपने प्रशंसकों के सामने। उस समय भावनाएं चरम पर थीं। जश्न मनाने के लिए मैंने अपनी जर्सी उतार दी, क्योंकि मुझे याद नहीं रहा कि मुझे पहले ही पीला कार्ड मिल चुका था। इसके बाद मुझे लाल कार्ड मिला, लेकिन मुझे लगता है कि वह अब तक का सबसे अच्छा लाल कार्ड था।”
डियालो ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व स्ट्राइकर रूड वान निस्टलरॉय से मिले मार्गदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि वान निस्टलरॉय ने उन्हें मूवमेंट और गोल करने की तकनीक से जुड़ी उपयोगी सलाह दी, जिससे उनके खेल में सुधार हुआ।
टॉटेनहम के खिलाफ मुकाबले को महत्वपूर्ण बताते हुए डियालो ने कहा कि दोनों क्लबों के बीच ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाकर यूनाइटेड को तीन अंक हासिल करने चाहिए। उनके मुताबिक, यह जीत टीम को अंक तालिका में ऊपर चढ़ने और आगामी मुकाबलों के लिए आत्मविश्वास हासिल करने में मदद कर सकती है।
मैनचेस्टर यूनाइटेड और टॉटेनहम हॉटस्पर के बीच मुकाबला शनिवार, 10 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार रात 10 बजे से खेला जाएगा। इसका सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स पर होगा।



















