जगदलपुर, 09 अक्टूबर । राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन में भाग लेने जगदलपुर पहुंचे भारत सरकार के सहकारिता सचिव डॉ. आशीष भूटानी सहित केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार काे जगदलपुर स्थित ‘कैफे पण्डुम’ का भ्रमण किया। हिंसा का मार्ग त्यागकर समाज की मुख्यधारा से जुड़े पुनर्वासित युवाओं द्वारा संचालित यह कैफे आज बस्तर में स्वावलंबन, पुनर्वास और सामाजिक बदलाव की एक मिसाल बन चुका है।
कैफे पंडुम भ्रमण के दौरान बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने कैफे के संचालन, इसकी अवधारणा तथा इससे जुड़े परिवारों के आजीविका संवर्धन से संबंधित प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार यह पहल पीड़ितों और मुख्यधारा में लौटे लोगों को सम्मानजनक जीवन और आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। अधिकारियों ने कैफे की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, आतिथ्य और स्थानीय स्तर पर शुरू किए गए इस सामाजिक व आर्थिक नवाचार की मुक्तकंठ से सराहना की। वहीं उन्होंने इन युवाओं से चर्चा का उनका उत्साहवर्धन किया।
इस कैफे के शांत वातावरण, आत्मीय आतिथ्य और लजीज व्यंजनों से प्रभावित होकर अधिकारियों ने कहा कि यह बेहद खूबसूरती और सूझबूझ से परिकल्पित किया गया एक ऐसा कैफे है, जो सादगी और प्राकृतिक रंगों के साथ-साथ अत्यंत जीवंत भी है। उन्होंने यहां के माहौल, भोजन और इससे जुड़ी हर बात की तारीफ की। राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के इस भ्रमण और सकारात्मक प्रतिक्रिया से कैफे का संचालन कर रहे युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

















