कोरबा : सर्वमंगला मंदिर में क्वांर नवरात्रि की व्यापक तैयारी, ज्योति कलश प्रज्ज्वलन की तैयारियां पूरी


छत्तीसगढ़ 09 October 2026
post

कोरबा : सर्वमंगला मंदिर में क्वांर नवरात्रि की व्यापक तैयारी, ज्योति कलश प्रज्ज्वलन की तैयारियां पूरी

कोरबा, 09 अक्टूबर । हसदेव नदी के तट पर स्थित मां सर्वमंगला देवी मंदिर में शारदीय क्वांर नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को रंग-रोगन के साथ आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर प्रबंधन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

नवरात्रि के दौरान मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना के साथ ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करवाते हैं। विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु भी ज्योति कलश के लिए पंजीयन कराते हैं।

मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) ने बताया कि शारदीय क्वांर नवरात्रि 11 अक्टूबर, रविवार से प्रारंभ होगा। इसके लिए सर्वमनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तैल ज्योति कलश के लिए 901 रुपये और घृत ज्योति कलश के लिए 2100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालु निर्धारित राशि जमा कर रसीद प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सर्वमनोकामना ज्योति कलश का हवन, पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा, कपिला तर्पण, सजीया दान, ब्राह्मण भोज और कन्या भोज 18 अक्टूबर 2026, रविवार को आयोजित होगा। वहीं, जवारा कलश का विसर्जन 19 अक्टूबर, सोमवार को शाम 5 बजे किया जाएगा।

नवरात्र के दौरान मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम 7 बजे मां सर्वमंगला की मंगल आरती होगी। मां का मंगल श्रृंगार सुबह 5 बजे किया जाएगा, जबकि दोपहर 12 बजे भोग प्रसाद अर्पित किया जाएगा। पूरे नवरात्रि में भजन-कीर्तन और माता जसगीत का अखंड आयोजन चलता रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में सुबह और शाम भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।

मंदिर प्रबंधन ने नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर परिसर के आसपास दुकान लगाने के इच्छुक व्यापारियों को भी आमंत्रित किया है। इच्छुक व्यापारी पुजारी या प्रबंधक से संपर्क कर सकते हैं। ज्योति कलश से संबंधित प्रसाद नवरात्र पर्व के दौरान मंदिर परिसर स्थित कार्यालय से प्राप्त किया जा सकेगा।

You might also like!




Advertisment