ग्वालियर सड़क हादसा: राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख


देश 18 October 2026
post

ग्वालियर सड़क हादसा: राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

 नई दिल्ली, 18 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस भीषण दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की। प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, "मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की जान जाने की खबर दिल तोड़ने वाली है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात सप्तमी पर शीतला माता के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर आधी रात बाद काल बनकर टूटा तेज रफ्तार ट्रक चीनौर रोड की ढलान पर अनियंत्रित होकर पुलिस के स्टॉपर तोड़ता हुआ श्रद्धालुओं, दुकानों और मंदिर के प्रवेश द्वार से जा टकराया। टक्कर से दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए। सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 29 लोग घायल हैं। इनमें सात की हालत गंभीर बताई गई है। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।

You might also like!




Advertisment