कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी खेत बचाओ अभियान की तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा की। यह अभियान इस महीने की 22 तारीख से अगले महीने की 30 तारीख तक चलेगा।
कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, उत्तराखंड, राजस्थान, असम, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, बिहार और महाराष्ट्र के कृषि मंत्रियों ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान, श्री चौहान ने राज्यों से आग्रह किया कि वे इस अभियान में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और जिला प्रशासन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस अभियान को पूरी गंभीरता से लागू किया जाना चाहिए ताकि किसानों को इसके कार्यों से ठोस लाभ मिल सके।
मंत्री महोदय ने प्रभावी शुभारंभ की आवश्यकता पर बल दिया और अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला कलेक्टरों को अभियान के सुचारू संचालन और प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने का भी निर्देश दिया। श्री चौहान ने अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए राज्य और जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति का भी निर्देश दिया। अभियान के उद्देश्यों, प्रमुख गतिविधियों, कार्यान्वयन रणनीतियों और जनभागीदारी लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अभियान का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, उत्पादकता में सुधार, संसाधनों के कुशल उपयोग, टिकाऊ खेती और केंद्र सरकार की विभिन्न किसान-केंद्रित योजनाओं के बारे में जागरूक करना है।
















