आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर काम और मनोरंजन के चक्कर में अपनी नींद को कुर्बान कर देते हैं। देर रात तक मोबाइल चलाना हो या ऑफिस का काम, नींद की कमी अब एक साइलेंट किलर बनती जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आप लगातार अपनी नींद पूरी नहीं कर रहे हैं तो आप अनजाने में अपने शरीर को गंभीर बीमारियों का घर बना रहे हैं। क्यों उड़ रही है लोगों की नींद? नींद न आने के पीछे केवल काम का बोझ ही नहीं बल्कि हमारी खराब जीवनशैली भी जिम्मेदार है। सोने से ठीक पहले मोबाइल और टीवी की नीली रोशनी (Blue Light) दिमाग को सोने नहीं देती। भविष्य की चिंता और मानसिक दबाव गहरी नींद में सबसे बड़ी बाधा हैं। देर रात भारी भोजन, ज्यादा कॉफी/चाय का सेवन और शिफ्ट ड्यूटी के कारण शरीर का बॉडी क्लॉक बिगड़ जाता है।
डॉक्टर की चेतावनी: शरीर को हो सकते हैं ये बड़े नुकसान लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. एल.एच. घोटेकर के अनुसार पर्याप्त नींद न लेना केवल थकान तक सीमित नहीं है बल्कि यह इन बीमारियों का न्योता है: दिल की बीमारियां: नींद की कमी से हाई ब्लड प्रेशर और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। डायबिटीज: शरीर में इंसुलिन का संतुलन बिगड़ता है जिससे ब्लड शुगर लेवल अनियंत्रित हो जाता है। मोटापा: नींद पूरी न होने पर भूख बढ़ाने वाले हार्मोन सक्रिय हो जाते हैं जिससे वजन तेजी से बढ़ता है।
मानसिक रोग: लंबे समय तक जागने से डिप्रेशन (अवसाद), एंग्जायटी और याददाश्त कमजोर होने की समस्या हो सकती है। कमजोर इम्यूनिटी: आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है जिससे आप बार-बार बीमार पड़ने लगते हैं। इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज: अगर आपको नीचे दिए गए संकेत मिल रहे हैं तो समझ जाइए कि आपके शरीर को आराम की सख्त जरूरत है: दिनभर चिड़चिड़ापन और सिरदर्द महसूस होना। काम पर ध्यान केंद्रित (Focus) न कर पाना। आंखों में भारीपन और बार-बार उबासी आना।
छोटी-छोटी बातें भूल जाना और मूड स्विंग्स होना। बेहतर नींद के लिए गोल्डन रूल्स: डॉक्टरों ने अच्छी और गहरी नींद के लिए कुछ आसान सुझाव दिए हैं: डिजिटल डिटॉक्स: सोने से कम से कम 1 घंटा पहले मोबाइल और गैजेट्स को खुद से दूर कर दें। तय समय: रोज सोने और जागने का एक ही समय रखें, चाहे छुट्टी का दिन ही क्यों न हो। हल्का डिनर: रात का खाना हल्का रखें और सोने से 3 घंटे पहले खा लें। शांत माहौल: बेडरूम में अंधेरा और शांति रखें। आरामदायक बिस्तर का चुनाव करें। व्यायाम: दिन में शारीरिक गतिविधि करें लेकिन सोने से तुरंत पहले भारी कसरत से बचें।
















