उज्जैन, 25 अप्रैल । बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शनिवार तड़के मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी पत्नी के साथ भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
जानकारी के अनुसार, वे सुबह करीब चार बजे मंदिर परिसर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती का दर्शन किया और धार्मिक अनुष्ठान में पूरी श्रद्धा के साथ शामिल हुए। आरती समाप्त होने के बाद उन्होंने नंदी जी का पूजन-अभिषेक किया और परंपरा के अनुसार कान में अपनी मनोकामना भी कही। दर्शन के दौरान विजय कुमार सिन्हा ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित किया। मंदिर के पुजारियों ने विधि-विधान से उनका पूजन और अभिषेक संपन्न कराया।
दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि उज्जैन की पवित्र भूमि और भगवान महाकाल के दरबार में आकर उन्हें अत्यंत सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने प्रार्थना की कि सभी लोग स्वस्थ रहें और भगवान महाकाल की कृपा सदैव बनी रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि हर बिहारी का गौरव बना रहे और राज्य निरंतर प्रगति करे।



















