शिमला, 25 अप्रैल । हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अहम फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के दो अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार 2001 बैच के आईएएस अधिकारी आर. सेल्वम को वित्त आयुक्त (अपील) के पद पर नियुक्त किया गया है। वे अब तक तैनाती का इंतजार कर रहे थे। उनकी नियुक्ति के साथ ही 1993 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत को इस पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। यह बदलाव राज्य प्रशासन में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वित्त आयुक्त (अपील) का पद राजस्व और अपील से जुड़े मामलों में अहम भूमिका निभाता है।
वहीं, 2019 बैच के आईएएस अधिकारी नवीन तंवर को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया है। वे भी फिलहाल तैनाती का इंतजार कर रहे थे। सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह सभी नियुक्तियां जनहित में की गई हैं।
यह अधिसूचना मुख्य सचिव संजय गुप्ता की ओर से जारी की गई है।

















