नई दिल्ली, 29 अप्रैल । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास आज सुबह अचानक मौसम ने पलटी मारी। तेज हवा चली। आसमान पर बिजली चमकी और कुछ देरतक बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। नोएडा और गाजियाबाद में भी खुशगवार मौसम देखने को मिला। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस संबंध में उपग्रह से प्राप्त छवि साझा की है। विभाग का कहना है कि आज असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, आज और कल दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रह सकते हैं। , हल्की बारिश के आसार हैं। आंधी-तूफान की स्थिति बनी रह सकती है। सप्ताहांत मौसम के सामान्य होने की संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 से 39 और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि छत्तीसगढ़, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल, मध्य प्रदेश और विदर्भ समेत कई राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। आज पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के साथ आंधी-तूफान आने का पूर्वानुमान जताया गया है।



















