इजराइल ने तेहरान और बेरूत पर ताजा हमले किए, ईरान ने जवाब में दागीं मिसाइलें |


विदेश 06 March 2026
post

इजराइल ने तेहरान और बेरूत पर ताजा हमले किए, ईरान ने जवाब में दागीं मिसाइलें |

तेल अवीव/ तेहरान, 06 मार्च । इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने स्थानीय समयानुसर शुक्रवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान में बड़े पैमाने पर नए हमले किए। इजराइल ने तेहरान में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया। इसके अलावा लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों में बमबारी की गई है। ईरान ने जवाब में मिसाइलें दागी हैं।

फॉक्स न्यूज चैनल और द यरुशलम पोस्ट अखबार के मुताबिक, इजराइल की सेना ने तेहरान में वहां की आतंकी संरचना को लक्ष्य किया। साथ ही बेरूत के दहियाह इलाके में आतंकी समूह हिजबुल्लाह के गढ़ पर हमला किया । हमले के दौरान दक्षिणी लेबनानी बॉर्डर पर सायरन बजाए गए। ईरान के मिसाइलें दागते ही इजराइल में भी सायरन बजाए गए।

इस बीच हिजबुल्लाह ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप में लोगों से शुक्रवार सुबह बॉर्डर के पास के इलाकों को खाली करने की अपील की। आतंकी समूह ने कहा, "लेबनान की आजादी और नागरिकों की सुरक्षा के लिए इजराइली हमले को चुनौती दी जाएगी।"

इजराइल के हमले से भड़के ईरान ने बहरीन की राजधानी में एक होटल और दो रिहायशी इमारतों पर हमला किया है। अधिकारियों ने बताया कि ईरानी सेना ने गुरुवार को बहरीन में एक होटल और दो रिहायशी इमारतों पर हमला किया। बहरीन के गृह मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में मनामा में एक इमारत पर हमले की पुष्टि की। पोस्ट में कहा गया, "ईरानी हमले ने मनामा में एक होटल और दो रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया।" गृह मंत्रालय ने कहा, "किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। सिविल डिफेंस ने दो इमारतों में से एक के फ्लैट में लगी आग बुझा दी है।"

You might also like!




Advertisment