प्रयास आवासीय विद्यालय : कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए परीक्षा 10 मई को

post

प्रयास आवासीय विद्यालय : कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए परीक्षा 10 मई को

जगदलपुर, 01 मई । छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य को संवारने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रदेश में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों के आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश की तैयारी शुरू हो गई है। इन विद्यालयों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट और एनडीए में सफल होने के लिए गहन प्रशिक्षण देना है।

आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के आयुक्त द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस सत्र की प्रवेश परीक्षा आगामी 10 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए विद्यार्थियों को सुबह 9.30 बजे से 10 बजे के बीच ओएमआर शीट भरने का समय दिया जाएगा, जिसके पश्चात प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्राक्चयन परीक्षा संपन्न होगी। इस परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र 1 मई से परीक्षा के दिन 10 मई की सुबह 9.30 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी विद्यार्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में कोई तकनीकी समस्या आती है, तो वे अपने संबंधित जिले के आदिवासी विकास के सहायक आयुक्त कार्यालय से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

You might also like!




Advertisment