तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने उद्योग जगत के दिग्गजों संग की बैठक


देश 15 May 2026
post

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने उद्योग जगत के दिग्गजों संग की बैठक

चेन्नई, 15 मई  । तमिलनाडु में औद्योगिक निवेश को नई गति देने और राज्य को देश का अग्रणी विनिर्माण केंद्र बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को चेन्नई सचिवालय में बहुराष्ट्रीय ऑटोमोबाइल कंपनियों और उद्योग संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में राज्य में नए निवेश आकर्षित करने, उद्योगों के विस्तार, रोजगार सृजन तथा निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों बीएमडब्ल्यू और टीवीएस मोटर कंपनी के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में पहले से प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा भविष्य में संभावित नए निवेश पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि तमिलनाडु सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को देश का सबसे बड़ा औद्योगिक और विनिर्माण हब बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्योग स्थापित करने से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और सरल तथा पारदर्शी बनाया जाए, ताकि घरेलू और विदेशी निवेशकों को कम समय में मंजूरी मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि निवेशकों के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा, बेहतर परिवहन व्यवस्था और उद्योग-हितैषी नीतियां राज्य सरकार की प्राथमिकता हैं।

बैठक में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए। इनमें दक्षिणी क्षेत्र के अध्यक्ष पी. रविचंद्रन, तमिलनाडु अध्यक्ष सी. देवराजन, उपाध्यक्ष जे. मुरुगवेल, दक्षिणी क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष एम. पोनुसामी, तमिलनाडु के पूर्व अध्यक्ष शंकर वानवरायर और निदेशक एवं अध्यक्ष पी. जयकृष्णन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान तमिलनाडु सरकार और सीआईआई के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और मजबूत बनाने पर सहमति बनी। औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, कौशल विकास और नीतिगत सहयोग जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। उद्योग प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार की उद्योग-हितैषी नीतियों और निवेश के लिए बेहतर माहौल की सराहना करते हुए कहा कि तमिलनाडु देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में से एक बनकर उभर रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि तमिलनाडु पहले से ही देश का एक प्रमुख ऑटोमोबाइल और विनिर्माण केंद्र है। राज्य में बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों की मौजूदगी, विकसित औद्योगिक ढांचा, बंदरगाहों की सुविधा और कुशल मानव संसाधन निवेशकों को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सरकार और उद्योग जगत के बीच बढ़ता सहयोग आने वाले समय में राज्य में नए निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास को नई दिशा दे सकता है।

You might also like!




Advertisment