रतलाम: सैलाना में गौवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस


शहर 17 June 2026
post

रतलाम: सैलाना में गौवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

रतलाम, 17 जून । मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई।

जानकारी के अनुसार रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग स्थित चरण पेट्रोल पंप के पास, नर्सिंग कॉलेज से आगे सड़क किनारे पथरीले क्षेत्र में देर रात करीब 12 बजे गौवंश का सिर समेत शरीर के अलग-अलग कटे हुए अवशेष आसपास मिले। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू की। घटना की सूचना पर एसडीएम तरुण जैन, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और संगठन पदाधिकारियों से चर्चा कर शांति बनाए रखने की अपील की।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाने के साथ संभावित संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे कार्यकर्ता

घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता देर रात सड़क पर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। धरना बुधवार तड़के सुबह करीब 5 बजे तक जारी रहा। प्रशासन की ओर से मामले की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने दो दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी है।

पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

You might also like!




Advertisment