बेंगलुरु, 16 जून । आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के तहत लोकायुक्त अधिकारियों ने मंगलवार को कर्नाटक के विभिन्न जिलों में व्यापक कार्रवाई करते हुए कई सरकारी अधिकारियों के घरों, कार्यालयों तथा अन्य परिसरों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
बेंगलुरु में कर्नाटक हाउसिंग बोर्ड के अतिरिक्त निदेशक राजन्ना तथा येलहंका बेस्कॉम के सहायक कार्यपालक अभियंता (एईई) उदय कुमार के आवास और कार्यालयों पर लोकायुक्त अधिकारियों ने छापा मारा। अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
कलबुर्गी में भी लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे अधिकारियों पर शिकंजा कसा है। सेवानिवृत्त पंचायत राज विभाग के अधीक्षण अभियंता माणिक कनकट्टी के आवास सहित पांच स्थानों पर छापेमारी की गई। कलबुर्गी शहर के गोदुताई नगर स्थित घर, बीदर जिले के हल्लीखेड़ गांव स्थित मकान, हुमनाबाद में दो व्यावसायिक परिसरों तथा फार्महाउस की तलाशी ली गई। यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धराजू के नेतृत्व में की गई।
चिक्कमगलूरु में वन विभाग के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) मोहन के आवास पर भी लोकायुक्त अधिकारियों ने छापा मारा। शहर के कल्याणनगर स्थित निवास पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। लगातार शिकायतें मिलने के बाद लोकायुक्त डीवाईएसपी तिरुमलेश के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दावणगेरे में तीन वरिष्ठ अधिकारियों के घरों, कार्यालयों और फार्महाउसों पर भी लोकायुक्त की छापेमारी हुई है। बयलुसीमे विकास मंडल के सचिव कृष्णा नायक, एनडब्ल्यूकेआरटीसी के मुख्य यांत्रिक अभियंता सिद्धेश्वर हेब्बाल तथा केआरआईडीएल के अधीक्षण अभियंता सन्ना केंचप्पा के परिसरों की तलाशी ली जा रही है।
दावणगेरे, हुब्बली और बेलगावी सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 12 विशेष टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की है। जांच के दौरान संपत्ति संबंधी दस्तावेज, बैंक लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। छापेमारी में मिले दस्तावेजों और संभावित अनियमितताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


















