नई दिल्ली, 06 जुलाई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 6 दिनों की तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में सोमवार को इंडोनेशिया पहुंच गए। इंडोनेशिया पहुंचने पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया पहुंचने के बाद हवाई अड्डे पर उनके सम्मान में स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा। राष्ट्रपति के अलावा विदेश मंत्री, सचिवालय मंत्री और कैबिनेट सचिव सहित चार अन्य मंत्रियों ने भी प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत कार्यक्रम में मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा 6 से 11 जुलाई तक तीन देश इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की है। इंडोनेशिया में वह राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे और योग्याकार्ता में प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा करेंगे।
इंडोनेशिया के बाद वह ऑस्ट्रेलिया जाएंगे, जहां मेलबर्न में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, शिक्षा और लोगों के आपसी संबंधों पर चर्चा करेंगे। वहां भारतीय समुदाय से भी संवाद करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड जाएंगे, जहां ऑकलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ आर्थिक, व्यापारिक और वाणिज्यिक संबंधों को और बेहतर बनाने पर बातचीत करेंगे।

















