सीहोर, 06 जुलाई । मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो गाड़ी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और शव गाड़ी के मलबे में ही फंसे रह गए।
यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे आष्टा और शुजालपुर के बीच स्थित ग्राम मेना गोदी के पास घटित हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर का प्रभाव इतना जबरदस्त था कि बोलेरो में सवार 3 लोग हवा में उछलकर करीब 15-20 फीट दूर जाकर गिरे। वहीं, बोलेरो चला रहे ड्राइवर का खून से सना शव और अन्य यात्री गाड़ी के क्षतिग्रस्त हिस्से में ही बुरी तरह फंस गया। हादसे में दो लोगों के पैर टूट गए, जबकि अन्य के सिर और छाती में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।
आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया कि बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें राजाराम सुंदर (45), भगवान (50), इंदर सिंह (55), राधेश्याम (38), बनेसिंह (22), गुलाबचंद (30), हेमराज (25), देवीराम (60), अमरसिंह (45) शामिल थे। ये सभी राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भियापुरा के रहने वाले थे। ये सभी ग्रामीण किसी बीमारी का इलाज कराने के लिए आष्टा जा रहे थे, लेकिन पहुंचने से पहले ही मेना गोदी गांव के पास यह हादसा हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और आष्टा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद बोलेरो के मलबे को कटर की मदद से काटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत सिविल अस्पताल आष्टा पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीहोर जिला अस्पताल और फिर हालत बेहद नाजुक होने के कारण आपातकालीन उपचार के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया है।
एडिशनल एसपी सुनीता रावत ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के वक्त और अस्पताल लाते समय पहले 4 लोगों की मौत हुई थी, लेकिन इलाज के दौरान एक और गंभीर घायल ने दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 5 हो गई है। उन्होंने बताया कि अब तक जिन मृतकों की शिनाख्त हो पाई है, उनमें इंदरसिंह पुत्र नंदराम और राजाराम पुत्र गणपत शामिल हैं, जो भियापुरा (राजगढ़) के निवासी थे। अन्य तीन मृतकों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है। हादसे के बाद आरोपित ट्रक चालक अपने वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।

















