ब्रिटेन सरकार में भारतीय मूल के कनिष्क नारायण को बड़ी जिम्मेदारी, बने एआई मंत्री


विदेश 21 July 2026
post

ब्रिटेन सरकार में भारतीय मूल के कनिष्क नारायण को बड़ी जिम्मेदारी, बने एआई मंत्री

भारतीय मूल के ब्रिटिश सांसद कनिष्क नारायण को ब्रिटेन सरकार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मंत्री नियुक्त किया गया है। उन्हें कैबिनेट ऑफिस और डिपार्टमेंट फॉर बिजनेस, इनोवेशन, साइंस एंड ट्रेड में संयुक्त रूप से राज्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई भूमिका में वह ब्रिटिश कैबिनेट की बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।


10 डाउनिंग स्ट्रीट ने दी नियुक्ति की जानकारी


10 डाउनिंग स्ट्रीट के एक्स अकाउंट के जरिए कनिष्क नारायण की नियुक्ति की जानकारी साझा की गई। सरकार ने उन्हें कैबिनेट में शामिल करते हुए एआई से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में ब्रिटेन की प्राथमिकताओं और भविष्य की रणनीति को भी दर्शाती है।


एआई को बताया भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में एक


नियुक्ति के बाद कनिष्क नारायण ने एक्स पर कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मानव इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में से एक साबित हो सकती है। उनके अनुसार, इसका प्रभाव अन्य तकनीकी बदलावों की तुलना में कहीं अधिक व्यापक होगा। उन्होंने कहा कि एआई के जरिए ब्रिटेन के पुनः औद्योगिकीकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और सार्वजनिक सेवाओं में बड़े बदलाव की संभावनाएं हैं।


एआई से जुड़े जोखिमों पर भी जताई चिंता


कनिष्क नारायण ने कहा कि एआई के विकास के साथ नौकरियों, बदलाव की गति और समाज पर इसके प्रभाव को लेकर लोगों की चिंताएं स्वाभाविक हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के देशों के पास यह तय करने के लिए सीमित समय है कि वे एआई के विकास की दिशा तय करेंगे या फिर एआई उनके भविष्य को आकार देगा। उन्होंने कहा कि अपनी नई जिम्मेदारी में वह तेजी, महत्वाकांक्षा और स्पष्ट लक्ष्य के साथ काम करेंगे तथा एआई के विकास और वैश्विक नीति निर्माण में ब्रिटेन की भूमिका को और मजबूत करने का प्रयास करेंगे।


वेल्स के लोगों का जताया आभार


कनिष्क नारायण ने अपनी नियुक्ति को वेल्स के लोगों के समर्थन से जोड़ते हुए कहा कि वेल्स उद्योग, महत्वाकांक्षा और वैश्विक पहचान का गौरवशाली इतिहास रखने वाला क्षेत्र है। उन्होंने वेल ऑफ ग्लैमरगन के लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इसी क्षेत्र ने उनके परिवार को अवसर दिया और उन्हें ब्रिटेन की संसद तक पहुंचने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि वेल्स ने उन्हें देश के पहले जातीय अल्पसंख्यक सांसदों में शामिल होने और अब कैबिनेट में योगदान देने का अवसर दिया।


बिहार से ब्रिटेन तक का सफर


कनिष्क नारायण का जन्म बिहार में हुआ था। 12 वर्ष की उम्र में वह अपने परिवार के साथ कार्डिफ, वेल्स, चले गए। उन्होंने कैथेज हाई स्कूल से शुरुआती शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की और फिर स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की डिग्री प्राप्त की।


पहले भी संभाल चुके हैं एआई से जुड़ी जिम्मेदारी


इससे पहले सितंबर 2025 में तत्कालीन प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की सरकार में भी कनिष्क नारायण को एआई और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था। अब उन्हें एआई से जुड़े व्यापक दायित्वों के साथ कैबिनेट स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

You might also like!




Advertisment