धमतरी, 05 अगस्त । जिले के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में अगस्त माह के दौरान व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ते हुए उन्हें जागरूक, उत्तरदायी और सक्रिय मतदाता बनाना है। महाविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी), कैम्पस एम्बेसडर, प्रोफेसर नोडल अधिकारी तथा क्लब के सदस्य विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता के कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देंगे।
निर्वाचन कार्यालय से बुधवार काे मिली जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान विद्यार्थियों को ईसीनेट मोबाइल ऐप के उपयोग, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन की ऑनलाइन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण की चार अर्हता तिथियां—1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही संविधान, निर्वाचन आयोग की भूमिका, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक परंपराओं पर भी जागरूकता सत्र आयोजित होंगे।
विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए परिचर्चा, निबंध, प्रश्नोत्तरी, मॉक पोल, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा फर्जी समाचारों की पहचान, सूचनाओं की सत्यता परखने और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि चुनाव प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। कलेक्टर ने सभी शिक्षण संस्थानों को कार्यक्रमों की पूर्व सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने तथा अगस्त माह में आयोजित सभी गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन 5 सितंबर तक अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य केवल नए मतदाताओं का पंजीयन करना नहीं, बल्कि युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता विकसित कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।


















