प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना- पीएमजीकेएवाई के लाभार्थियों तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, भारत सरकार ने आज केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण- डीबीटी के लिए केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा- सीबीडीसी – ई-रुपए का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य गरीबों के लिए चलाई जा रही सरकारी लाभार्थी योजनाओं से बिचौलियों को हटाना है।
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य तथा सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी और उपभोक्ता मामले, खाद्य तथा सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने एक कार्यक्रम में इस योजना का शुभारंभ किया।
इस शुभारंभ के साथ चंडीगढ़ देश का पहला केंद्र शासित प्रदेश बन गया है जिसने खाद्य सब्सिडी के लिए सीबीडीसी आधारित डीबीटी को पूरी तरह से लागू किया है। इन गणमान्य व्यक्तियों ने चंडीगढ़ से दादरा और नगर हवेली के लिए भी इसी योजना का वर्चुअल शुभारंभ किया।















