भोपाल, 09 सितम्बर । गुजरात उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश मनोनीत किया गया है। प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज (गुरुवार) उन्हें शपथ ग्रहण कराएंगे। न्यायमूर्ति कोगजे मध्य प्रदेश के 30वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
विधि एवं विधायी विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि भोपाल में लोकभवन स्थित सांदीपनि सभागार में सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल न्यायमूर्ति कोगजे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। वह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया का स्थान लेंगे।
न्यायमूर्ति कोगजे मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में मनोनीत होने से पहले वे गुजरात उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 को उनके नाम की सिफारिश की थी, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार ने 5 सितंबर 2026 को अधिसूचित कर दिया था।
न्यायमूर्ति कोगजे बुधवार शाम को ही भोपाल पहुंच गए थे। उन्होंने यहां लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर न्यायमूर्ति कोगजे की पत्नी अर्चना अल्पेश कोगजे उनके साथ थीं।
शपथ ग्रहण के बाद जस्टिस कोगजे भोपाल से जबलपुर पहुंचेंगे। वे 11 सितंबर को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के रूप में औपचारिक तौर पर कार्यभार संभालेंगे। इस अवसर पर सुबह 10.30 बजे उच्च न्यायालय के कोर्ट रूम नंबर-1 में औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, वरिष्ठ अधिवक्ता, बार पदाधिकारी और न्यायिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।



















