बाढ़ में रातभर फंसा रहा बीमार मरीज, पानी घटने पर तड़के पहुंचाया अस्पताल


छत्तीसगढ़ 12 September 2026
post

बाढ़ में रातभर फंसा रहा बीमार मरीज, पानी घटने पर तड़के पहुंचाया अस्पताल

धमतरी, 12 सितंबर । ग्राम पंचायत लटियारा के आश्रित ग्राम चर्रा कच्छारपारा में बारिश के बाद आई बाढ़ के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाढ़ के पानी के चलते एक बीमार मरीज को रातभर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। आज शनिवार सुबह पानी कम होने के बाद ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर मरीज को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।

जानकारी के अनुसार चर्रा निवासी गोपेश कुमार पटेल की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत थी और हालत गंभीर बताई जा रही थी। परंतु क्षेत्र में बाढ़ के कारण रात में आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाना संभव नहीं हो सका। सुबह पानी कम होने पर ग्राम पंचायत लटियारा के सरपंच रुपेश कुमार ध्रुव सहित ग्रामीणों ने मरीज को अस्पताल पहुंचाया। मरीज को अस्पताल पहुंचाने में दीपक मंडावी, चंदर लाल पटेल, लछमन ध्रुव, राजेंद्र मरकाम, यशवंत मरकाम और बीरबल नेताम सहित अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।

ग्रामीणों का कहना है कि चर्रा के डुमर नाला में बारिश के दिनों में बाढ़ आने से आवागमन बाधित हो जाता है। इससे मरीजों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे गंभीर स्थिति तब बनती है, जब किसी मरीज को आपातकालीन उपचार के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत होती है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से डुमर नाला में जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिया बनने से बारिश के दौरान आवागमन सुगम होगा और भविष्य में किसी बीमार या जरूरतमंद व्यक्ति को इलाज के लिए पानी कम होने का घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

You might also like!




Advertisment