महाकाल महोत्सव में आज संगीत और भक्ति का होगा संगम, पार्श्व गायक विपिन अनेजा देंगे प्रस्तुति


शहर 17 January 2026
post

महाकाल महोत्सव में आज संगीत और भक्ति का होगा संगम, पार्श्व गायक विपिन अनेजा देंगे प्रस्तुति

उज्जैन, 17 जनवरी। भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित पांच दिवसीय महाकाल महोत्सव के चौथे दिन आज शनिवार को महाकाल लोक में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संगीत और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

आयोजक संस्था वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 7 बजे होगा। कार्यक्रम में मुख्य प्रस्तुति सुगम संगीत की रहेगी, जिसमें श्रेयश शुक्ला एवं बैंड (इंदौर) तथा विपिन अनेजा एवं बैंड (मुंबई) द्वारा मधुर और भावपूर्ण संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि वीर भारत न्यास एवं महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सयुक्त तत्वावधान में आयोजित महाकाल महोत्सव में आज लोक-संस्कृति के रंगों से सजी इस संध्या में जनजातीय एवं लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें कोरकू जनजातीय गुदली नृत्य मंशाराम एवं साथी (हरदा), गणगौर नृत्य अनुजा जोशी एवं साथी (खंडवा), डिमरिया नृत्य लीलाधर रैकवार एवं साथी (सागर), राठवा जनजातीय राठ नृत्य विजय भाई राठवा एवं साथी (बड़ौदा) शामिल है। इसके साथ ही कला यात्रा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें मलखंब दल- योगेश मालवीय एवं साथी (उज्जैन) अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कला यात्रा का मार्ग बुधवारिया- नई सड़क–सती गेट–गोपाल मंदिर–महाकाल लोक रहेगा।

विपिन अनेजा: वह आवाज़, जो मंच पर रचती है संगीत का जादू

अपनी सुरीली, भावपूर्ण और बहुआयामी आवाज़ से देश–विदेश में लाखों श्रोताओं के दिलों पर राज करने वाले बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर विपिन अनेजा आज भारतीय संगीत जगत के सबसे प्रतिष्ठित नामों में शुमार हैं। फिल्म जज़्बा के सुपरहिट गीत “जाने तेरे शहर का” से व्यापक पहचान बनाने वाले विपिन अनेजा ने अपने गायन से एक अलग ही मुकाम हासिल किया है। विपिन अनेजा की प्रतिभा का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने हाल ही में देश के सबसे भव्य आयोजनों में से एक अनंत और राधिका अंबानी की शादी में भी अपनी शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। इसके साथ ही उन्होंने यो यो हनी सिंह के साथ एल्बम “51 ग्लोरियस डेज़” के लिए नया जोशीला ट्रैक “नेवर क्राइड” रिलीज़ किया है, जिसमें उनकी सिग्नेचर वर्सटिलिटी और आधुनिक ऊर्जा का प्रभावशाली संगम देखने को मिलता है।

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी विपिन अनेजा की आवाज़ का जादू बरकरार है। राम कपूर अभिनीत सुपरहिट सीरीज़ “मिस्ट्री” के लिए गाया गया गीत “कुछ इस पार” दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय रहा और उन्हें भरपूर सराहना मिली। उनकी उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है, जब उन्हें ग्लोबल फ़िल्म एंड म्यूज़िक फ़ेस्टिवल, अमेरिका में बेस्ट सिंगर एंड लाइव परफ़ॉर्मर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विपिन अनेजा ने ज़ी सा रे गा मा पा के पाँच सीज़नों तक ग्रैंड जूरी सदस्य के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 100 मिलियन से अधिक स्ट्रीम्स का आंकड़ा पार कर चुके विपिन अनेजा ने दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। दुनिया भर में 1,000 से अधिक लाइव परफ़ॉर्मेंस कर चुके विपिन अनेजा आज भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कॉर्पोरेट जगत के सबसे पसंदीदा कलाकारों में गिने जाते हैं। हर मंच पर अपनी आवाज़ और प्रस्तुति से अविस्मरणीय संगीत अनुभव देने वाले विपिन अनेजा भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नए आयाम दे रहे हैं।

You might also like!




Advertisment