धमतरी, 20 सितंबर। धर्मनगरी धमतरी में गणेशोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। आमापारा के बनिया तालाब में इस बार सत्यम गणेश उत्सव समिति ने अनोखा उत्सव पंडाल तैयार किया है। तालाब के गहरे पानी के बीच करीब 120 फीट लंबा रास्ता बनाकर भगवान गणेश की भव्य स्थापना की गई है। पानी के बीच सजे इस अनूठे पंडाल को देखने और गणपति के दर्शन के लिए शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
धमतरी शहर में ‘तरिया के गणेश’ के नाम से प्रसिद्ध इस आयोजन का यह 18वां वर्ष है। समिति के कार्यकर्ता जीवेश साहू, पंकज नाग, योगेश साहू और उमेश यादव ने बताया कि 14 साल से बनिया तालाब में गणेशोत्सव के दौरान आकर्षक झांकियां तैयार की जा रही हैं। समिति का कहना है कि पिछले वर्षों में तालाब में कई बार जनहानि की घटनाएं हुई थीं, लेकिन आयोजन शुरू होने के बाद से ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। इसे समिति भगवान गणेश का आशीर्वाद मानती है। इस वर्ष तालाब के गहरे पानी में स्थापित गणेश प्रतिमा और भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव सहित विभिन्न शहरों से पहुंचे श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर समिति की रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना कर रहे हैं। इस अनूठी झांकी के निर्माण में सत्यम गणेश उत्सव समिति के विकास साहू, भूपेंद्र नाग, रूपेश साहू, आशीष यादव, भोलू नाग, मोनू यादव, विनीत यादव, कुलदीप साहू, भूपेश पटेल, सुभाष यादव, पुनाराम देवांगन, जय पटेल, गोपी पटेल, गोपी यादव, गोलू यादव, गोविंद यादव, देवेंद्र ढीमर, बबलू नेताम, रोशन यादव, रवि पटेल, प्रवीण तारक, भावेश सिन्हा, युगल नाग, योगेश साहू, पप्पू साहू, जीतू यादव, कौशल यादव, पिंटू ध्रुव, रिंकू ध्रुव, आशू यादव, अमरचंद पटेल, लक्ष्मण ढीमर, भवानी यादव, संजू यादव, प्रीतम यादव, जितेश पटेल, नमन ध्रुव, दीपक ढीमर, गजेंद्र ढीमर, पोषण साहू, प्रकाश सिन्हा, बिट्टू पटेल, भुवन पटेल, मनीष पटेल, हर्ष यादव, सोनू यादव, पंकज पटेल और लकी यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।
पूर्व में भी बनाई जा चुकी है आकर्षक झांकियां
बनिया तालाब में समिति पूर्व में समुद्र मंथन, श्रीराम सेतु और कालिया दमन जैसी नयनाभिराम झांकियां प्रस्तुत कर चुकी है। वहीं शहर की ज्वलंत ट्रैफिक समस्या की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए बाईपास सड़क की झांकी भी बनाई गई थी, जिसे लोगों ने खूब सराहा था।
धमतरी में तालाब के बीचो-बीच विराजे गणपति, दर्शन को दूर दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु।


















