ब्रिटेन के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन में शामिल होगा कनाडा


विदेश 17 September 2026
post

ब्रिटेन के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन में शामिल होगा कनाडा

वॉशिंगटन, 17 सितंबर । कनाडा ने ब्रिटेन के नेतृत्व वाले जॉइंट एक्सपेडिशनरी फोर्स (जेईएफ़) में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आवेदन किया है। इसे कनाडा और ब्रिटेन समेत यूरोपीय सहयोगी देशों के बीच रक्षा एवं सैन्य सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू

के मुताबिक, कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के कार्यालय ने बुधवार को बताया कि कार्नी ने जेईएफ़ में शामिल होने के लिए आवेदन की घोषणा की और इस पहल में कनाडा की भागीदारी के लिए ब्रिटेन के समर्थन का स्वागत किया।

यह घोषणा ब्रिटेन में कार्नी और ब्रिटिश प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम की मुलाकात के बाद हुई। दोनों नेताओं ने कनाडा और ब्रिटेन के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की।

जेईएफ में फिलहाल डेनमार्क, एस्टोनिया, फिनलैंड, आइसलैंड, लातविया, लिथुआनिया, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन और ब्रिटेन शामिल हैं। यह गठबंधन मुख्य रूप से उत्तरी यूरोप और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं सैन्य सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित है।

बैठक के दौरान कार्नी और बर्नहम ने ग्लोबल कॉम्बैट एयर प्रोग्राम (जीसीएपी) के जरिए रक्षा-औद्योगिक सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। कनाडा जुलाई में इस कार्यक्रम में ऑब्जर्वर के तौर पर शामिल हुआ था। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कार्यालय ने कनाडा के जीसीएपी में पहला ऑब्जर्वर देश बनने का भी स्वागत किया।

दोनों नेताओं के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े अवसरों और चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने माना कि साझा चिंताओं से निपटने और ऑनलाइन सुरक्षा मजबूत करने के लिए सरकारों तथा टेक्नोलॉजी क्षेत्र के बीच सहयोग जरूरी है।

कनाडा का जेईएफ़ में शामिल होने का आवेदन ऐसे समय आया है जब ओटावा ब्रिटेन और यूरोपीय देशों के साथ अपने रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

You might also like!




Advertisment