कोलकाता, 12 मई । राज्य के पंचायत और कृषि विपणन मंत्री दिलीप घोष ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस के अधिकांश नेता भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं।
मंगलवार सुबह पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि “तृणमूल के ज्यादातर नेता भ्रष्ट हैं। अब तक पुलिस और सरकार की अनुमति नहीं मिलने के कारण जांच नहीं हो रही थी लेकिन अब सभी मामलों की फिर से जांच शुरू की जाएगी। हर चीज की जांच होगी। जनता जो चाहती है, वही होगा।”
उल्लेखनीय है कि आर्थिक अनियमितता से जुड़े मामले में सोमवार रात प्रवर्तन निदेशालय ने तृणमूल कांग्रेस नेता सुजीत बोस को गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद मंगलवार सुबह मंत्री दिलीप घोष ने यह टिप्पणी की।
इधर, एसआईआर को लेकर सर्वोच्च न्यायालय की ताजा सुनवाई के संदर्भ में मंत्री दिलीप घोष ने कहा, “जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, ट्रिब्यूनल ने उन्हें एफआईआर दर्ज कराने का अधिकार दिया है। गलती कहीं भी हो सकती है लेकिन यह कोई गलती नहीं है बल्कि तृणमूल के सदस्यों ने इसे जानबूझकर किया है।”

















