भोपाल, 08 मई । संभागायुक्त संजीव सिंह ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में भोपाल संभाग के जिलों में गेहूं उपार्जन, सीएम हेल्पलाइन, पेयजल सहित कई कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चन्द्रभान सिंह जादौन से जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए और उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संभागायुक्त सिंह ने निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की स्लॉट बुकिंग, परिवहन व्यवस्था, पर्याप्त बारदाना उपलब्धता तथा निर्धारित समय-सीमा में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चन्द्रभान सिंह जादौन ने बताया कि भोपाल संभाग के 04 लाख 37 हजार 381 किसानों ने गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन कराया था जिसमें अभी तक 3 लाख 52 हजार 809 किसानों ने स्लॉट बुक कराएं हैं। संभाग के सभी जिलों में उपार्जन केन्द्रों पर 02 लाख 40 हजार 509 किसानों से 15 लाख 94 हजार 094 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही 02 हजार 354 करोड़ रूपये का भुगतान भी किया जा चुका हैं और 14 लाख 61 हजार 715 मीट्रिक टन गेहूं का परिवहन भी किया जा चुका है।
बैठक में संभागायुक्त ने सीएम हेल्पलाइन में 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को इनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। संभागायुक्त सिंह ने बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों के पंजीयन पोषण ट्रेकर पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने नवीन आंगनबाड़ी भवनों को पीएम गति शक्ति अंतर्गत नजदीकी स्कूलों एवं को-लोकेशन के आधार पर बनाने एवं निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
संभागायुक्त सिंह ने कहा कि बरसात के पूर्व स्कूलों में पेयजल, बालिका शौचालय का निर्माण एवं मरम्मत का कार्य पूर्ण करें। संभाग के सभी जिलों में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत स्वीकृत 01.88 लाख आवास का कार्य समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। संभागायुक्त सिंह ने कहा कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य योजना है, जो आय की परवाह किए बिना प्रति वर्ष ₹5 लाख तक का मुफ्त, कैशलेस इलाज प्रदान करती है। संभाग के सभी जिलों में सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं नगरीय निकाय अभियान चलाएं। बैठक में उपायुक्त (राजस्व विभाग) श्रीमती किरण गुप्ता सहित सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


















