इंफाल, 08 मई। राज्य में लगातार सुरक्षा बलों एवं पुलिस की कार्रवाई जारी है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में जारी अभियानों में उग्रवादियों की गिरफ्तारी के साथ ही भारी मात्रा में हथियारों एवं गोला-बारूद के जखीरों की बरामदगी का सिलसिला जारी है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय शुक्रवार काे आधिकारिक बयान में बताया कि 07 मई को सुरक्षा बलों ने सेनापति जिले के सेनापति थानांतर्गत मारेमई-हेंगबुंग पहाड़ी इलाकों में अभियान चलाते हुए भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया। बरामद सामग्रियों में दो प्वाइंट 22 बोर की राइफल मैगजीन के साथ, एक .303 बोर की राइफल मैगजीन के साथ, एक एमपी5 मैगजीन के साथ, एक एके-47 राइफल मैगजीन के साथ, चार स्थानीय तौर पर बनी बोल्ट एक्शन राइफलें, एक स्थानीय तौर पर बनी शॉटगन, तीन प्वाइंट 32 पिस्तौलें मैगजीन के साथ, दो प्वाइंट 22 बोर की पिस्तौलें मैगजीन के साथ, 79 अलग-अलग कैलिबर के ज़िंदा कारतूस और 13 अलग-अलग कैलिबर के खाली खोखे शामिल हैं।
वहीं, अन्य एक अभियान में सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिले के चुराचांदपुर थानांतर्गत हेंगकापकोट इलाके से भी हथियार एवं विस्फोटक बरामद किये गये हैं। बरामद सामग्रियों में तीन सिंगल बैरल राइफ़लें, एक प्वाइंट 303 राइफ़ल, एक पॉम्पी, चार रॉकेट के गोले, एक बेलनाकार आईईडी (500 ग्राम विस्फोटक), एक शंक्वाकार आईईडी (4 किलोग्राम), चार बुलेटप्रूफ़ जैकेटें, दो हेलमेट, सात एके-47 के खाली खोखे, चार 7.62 एमएम के खाली खोखे और एक रेडियो सेट चार्जर शामिल हैं।
फिलहाल, इन दोनों अभियानों में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस इस संबंध आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।

















