फतेहाबाद, 08 मई । ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन, सब यूनिट बड़ोपल के बिजली कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार को एसडीओ बड़ोपल की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। बिजली बोर्ड प्रांगण में आयोजित इस विरोध गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों पर तानाशाही का आरोप लगाया। इस मीटिंग की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान जीत सिंह ने की और संचालन सचिव प्रीतम सिंह द्वारा किया गया। यूनियन के नेताओं ने कहा कि एसडीओ बड़ोपल तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के बजाय उनके उत्पीडऩ का काम किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने सितंबर 2025 में ही मांगों को लेकर एसडीओ को मांग पत्र दिया था, जिस पर एसडीओ के साथ कई बार वार्ता हुई और जल्द ही समस्याओं के समाधान की सहमति दी थी लेकिन आज तक अधिकारी द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में काफी रोष है। इसके बाद 27 अप्रैल को दोबारा एसडीओ को मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें बिजली लाइनों की क्रॉसिंग, डैमेज पोल, कर्मचारियों की एसीआर/क्यूआर, 33 केवी लाइन पर पेट्रोलिंग हेतु गाड़ी की व्यवस्था, लाइनों की मरम्मत का सामान, कार्यालय में आने वाले पुरूषों, महिलाओं के लिए टॉयलेट की व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए किट जैसे गंभीर मुद्दे शामिल थे। इस पर अधिकारी ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया है। नेताओं ने कहा कि अधिकारी सरकारी संसाधनों का उपयोग व्यक्तिगत कार्यों के लिए कर रहे हैं, जो स्वीकार्य नहीं है। इस विरोध प्रदर्शन को उप-प्रधान पवन कुमार, सचिव प्रीतम सिंह, हवा सिंह, किरपाल सिंह, जेई बलवान सिंह, सेंटी एएलएम और राजेश कुमार यूडीसी ने भी संबोधित किया। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले समय में इसे और भी बड़े स्तर पर ले जाया जाएगा।
फतेहाबाद : एसडीओ की कार्यप्रणाली के खिलाफ बिजली कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

















