इंदौर के कद्दावर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अश्विनी जोशी का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर


शहर 08 May 2026
post

इंदौर के कद्दावर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अश्विनी जोशी का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर

इंदौर, 08 मई  । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के दिग्गज और कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्व विधायक अश्विनी जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया। 66 वर्षीय जोशी लंबे समय से सांस लेने में तकलीफ और पैरों की समस्या से जूझ रहे थे।

पारिवारिक जनों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तत्काल शेल्बी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने अंतिम सांस ली। अश्विनी जोशी का राजनीतिक कद उनके बेबाक अंदाज और जनता के बीच गहरी पैठ के कारण बहुत बड़ा था। वे पूर्व मंत्री स्वर्गीय महेश जोशी के भतीजे थे, जिनका इंदौर की राजनीति में दशकों तक दबदबा रहा। अश्विनी जोशी स्वयं इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 से तीन बार विधायक चुने गए। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेहद करीबियों में गिना जाता था। छात्र राजनीति से अपना सफर शुरू करने वाले जोशी ने संगठन और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनके व्यक्तिगत जीवन और परिवार की बात करें तो उनका बेटा वर्तमान में विदेश में है। परिजनों ने निर्णय लिया है कि बेटे के इंदौर लौटने के बाद ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन की सूचना मिलते ही शहर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों के लोग उनके निवास और अस्पताल पहुंचना शुरू हो गए हैं।

बता दें कि जोशी का नाम पिछले दिनों एक पुराने कानूनी मामले में बरी होने को लेकर भी चर्चा में रहा था। वर्ष 2006 के चर्चित पार्षद मुन्ना अंसारी गोलीकांड में उन पर हत्या के प्रयास का आरोप लगा था। हालांकि, 18 साल तक चली लंबी कानूनी लड़ाई के बाद वर्ष 2024 में कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था। अदालत ने अपने फैसले में माना था कि पुलिस उनके खिलाफ हथियार या गोली चलाने के पुख्ता सबूत पेश नहीं कर पाई थी। उनके निधन को इंदौर कांग्रेस के लिए एक अपूर्णीय क्षति माना जा रहा है।

You might also like!




Advertisment