बार्सिलोना, 04 नवंबर । बार्सिलोना के युवा फुटबॉलर लामिन यामल ने यूईएफए चैंपियंस लीग में ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। एस्टन विला के खिलाफ मंगलवार रात खेले गए मुकाबले में गोल दागते ही यामल इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले किशोर खिलाड़ी (20 वर्ष से कम) बन गए। उन्होंने फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर किलियन एमबाप्पे का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
19 वर्षीय यामल ने कैंप नोउ में खेले गए मुकाबले के सातवें मिनट में एस्टन विला के खिलाफ शानदार गोल किया। चैंपियंस लीग में यह उनका 14वां गोल था। इससे पहले यह रिकॉर्ड एमबापे के नाम था, जिन्होंने किशोर खिलाड़ी रहते हुए प्रतियोगिता में 13 गोल किए थे। इस मुकाबले में बार्सिलोना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एस्टन विला को 3-0 से हराया। दूसरे हाफ में राफिन्हा ने दो गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
बार्सिलोना वेबसाइट के मुताबिक लामिन यामल लगातार रिकॉर्ड बना रहे हैं। मंगलवार को एस्टन विला के खिलाफ यह फॉरवर्ड खिलाड़ी 20 साल से कम उम्र में चैंपियंस लीग में सबसे ज्यादा गोल करने वाला खिलाड़ी बन गया। उनके नाम अब 14 गोल हो गए हैं। उन्होंने किलियन एमबाप्पे का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने अपनी किशोरावस्था के दौरान 13 गोल किए थे।
लामिन यामल ने चैंपियंस लीग में सिर्फ 37 मैचों में यह आंकड़ा हासिल किया है। खास बात यह है कि वह अभी 20 वर्ष के भी नहीं हुए हैं। उनका 20वां जन्मदिन अगले साल जुलाई में आएगा। ऐसे में उनके पास इस रिकॉर्ड को और बेहतर करने के कई अवसर होंगे।
एमबाप्पे अब तक चैंपियंस लीग में कुल 72 गोल कर चुके हैं और प्रतियोगिता के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। हालांकि, किशोर खिलाड़ियों के बीच सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड अब यामल के नाम हो गया है।


















