नई दिल्ली, 28 जुलाई । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई नेताओं ने मंगलवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने भारतीय खिलाडियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, " ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के शॉट पुट एफ57 इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर शर्मिला धनखड़, पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर सर्वेश अनिल कुशारे, पुरुषों के 79 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर वल्लुरी अजय बाबू और महिलाओं के शॉट पुट एफ57 इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर शिल्पा के. शायला को बहुत-बहुत बधाई।
शर्मिला ने पैरा एथलेटिक्स में भारत की पहली कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट बनकर आपने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। आपकी यह कामयाबी युवा एथलीटों को अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। मैं कामना करती हूँ कि आने वाले समय में आप और भी कई उपलब्धियाँ हासिल करें।"
बिरला ने कहा कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 58 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम को बहुत-बहुत बधाई। लगातार दो कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतना आपके असाधारण समर्पण और दृढ़ता को दर्शाता है। ऐसे ही प्रेरित करती रहें। देश का मान बढ़ाती रहें!
मोदी ने कहा कि वेट लिफ्टिंग में भारत के लिए एक और मेडल! ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के 58 किग्रा इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम पर गर्व है। उनकी यह कामयाबी उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का नतीजा है।
केंद्रीय युवा मामलों एवम खेलमंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने कहा ग्लासगो में ऐतिहासिक गोल्ड! शर्मिला ने महिलाओं के शॉट पुट एफ57 इवेंट में गोल्ड जीता और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इतिहास रचा। वह पैरा एथलेटिक्स में कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की पहली एथलीट बन गई हैं। आपके अटूट जज़्बे ने ग्लोबल मंच पर पूरे देश का मान बढ़ाया है।

















