दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस ने उठाए सवाल


शहर 24 July 2026
post

दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

भोपाल, 24 जुलाई। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष शोभा ओझा ने दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के साथ कथित रूप से हुई अभद्रता और हिंसा की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

शोभा ओझा ने शुक्रवार काे पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हुए। उनका दावा था कि कुछ छात्राओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार हुआ है, तो उन्हें तत्काल चिन्हित कर सेवा से बर्खास्त किया जाए तथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे घटनाक्रम की न्यायिक या स्वतंत्र जांच कराने की भी मांग की।

शाेभा ओझा ने नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। शोभा ओझा ने भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" और "नारी शक्ति वंदन" जैसे अभियान तभी सार्थक होंगे, जब महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने मध्य प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के आंकड़ों का हवाला देते हुए राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने मांग की कि छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए।

You might also like!




Advertisment