असम : तामुलपुर में एसटीएफ ने हाथी के दो दांतों के साथ दो तस्करों को पकड़ा


देश 08 August 2026
post

असम : तामुलपुर में एसटीएफ ने हाथी के दो दांतों के साथ दो तस्करों को पकड़ा

गुवाहाटी, 08 अगस्त । असम के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए तामुलपुर में हाथी के दो दांतों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद हाथी दांतों का कुल वजन करीब चार किलोग्राम है।

एसटीएफ ने सूचना के आधार पर बीती रात तामुलपुर के बंगालीपाड़ा में अभियान चलाया। इस दौरान तमुलपुर निवासी ग्वहवाम बसुमतारी (29) और स्वदवाबमा बसुमतारी (23) को हिरासत में लिया गया।

तलाशी के दौरान एसटीएफ की टीम ने हाथी के दो दांत बरामद किए। इनमें एक दांत 2.09 किलो और दूसरे का 1.97 किलो वजन था। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी कथित रूप से हाथी दांतों को करीब छह लाख में बेचने की कोशिश कर रहे थे। इसके लिए करीब 1.5 लाख रुपये प्रति किलो की दर पर सौदा तय होने की बात सामने आई है।

अभियान के बाद एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपितों, बरामद हाथी दांतों और अन्य जब्त सामान को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जांच एजेंसियां वन्यजीवों और उनके अंगों की अवैध तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय तथा देशव्यापी नेटवर्क का पता लगाने के साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। एसटीएफ ने कहा कि यह अभियान संगठित वन्यजीव अपराध के खिलाफ उसकी लगातार जारी कार्रवाई का हिस्सा है।

You might also like!




Advertisment