भारत मंगलवार को नई दिल्ली में ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बारहवीं बैठक की मेजबानी करेगा। इस बैठक से पहले पर्यावरण कार्य समूह और जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास पर संपर्क समूह के वरिष्ठ अधिकारियों की ब्रिक्स बैठक होगी।
यह आयोजन भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के मुख्य विषय - लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण - के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा। ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव करेंगे।
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने कहा कि यह बैठक सार्थक चर्चाओं में शामिल होने, आम सहमति को बढ़ावा देने और पर्यावरणीय सहयोग को मजबूत करने के लिए एक मंच प्रदान करेगी।
मंत्रालय ने आगे कहा कि अध्यक्षता के तहत, भारत ने ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह के अंतर्गत केंद्रित गतिविधियों के लिए चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की है। ये प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं: सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना, वनरोपण, वन अग्नि प्रबंधन और आपदा से निपटने की क्षमता, चक्रीय अर्थव्यवस्था और अनुकूलन।

















