रायपुर, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने 3 युवकों को चाकू मार दिया। जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा इलाके की है। बताया जा रहा है कि जूलुस के दौरान हंगामा हो गया। पुराने विवाद को लेकर आरोपित और तीन युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपित ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से युवक घायल हो गया। मारपीट के दौरान दो अन्य युवकों को भी चाक़ू से चोटें आई हैं। इनमें एक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने की जानकारी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में आरिफ सोफिया खान उर्फ मोंटी, निवासी ईदगाह भाटा, का नाम सामने आया है। आरोपित पहले भी आपराधिक गतिविधियों के चलते पुलिस के रिकॉर्ड में रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने तुरंत मौके पर मोर्चा संभाला। घटना को अंजाम देकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले मुख्य आरोपित (हिस्ट्रीशीटर) सहित कुछ संदिग्धों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार और जुलूस के दौरान शांति भंग करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपितों के खिलाफ कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



















