'वाइब' में दिखेगा कुणाल खेमू का नया अवतार, पोस्टर आया सामने


मनोरंजन 20 August 2026
post

'वाइब' में दिखेगा कुणाल खेमू का नया अवतार, पोस्टर आया सामने

'मडगांव एक्सप्रेस' के बाद अभिनेता-निर्देशक कुणाल खेमू अपनी अगली फिल्म 'वाइब' के साथ एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। मार्च 2024 में 'मडगांव एक्सप्रेस' के जरिए निर्देशन की शुरुआत करने वाले कुणाल अब 'वाइब' में निर्देशन के साथ अभिनय भी करते नजर आएंगे।

ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म एक्शन और कॉमेडी से भरपूर बताई जा रही है। फिल्म का निर्माण चिराग निहलानी और कुणाल खेमू ने मिलकर किया है। निर्माताओं ने मोशन पोस्टर जारी करते हुए फिल्म की रिलीज डेट और टीजर से जुड़ी जानकारी साझा की है।

कुणाल खेमू ने सोशल मीडिया पर 'वाइब' का मोशन पोस्टर साझा किया, जिसमें बताया गया कि फिल्म का टीजर 21 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। पोस्टर में कुणाल के साथ अभिनेत्री प्रीति जिंटा, वंशिका धीर और 'लापता लेडीज' फेम अभिनेता स्पर्श श्रीवास्तव नजर आ रहे हैं। चारों कलाकारों का अंदाज फिल्म के एक्शन और कॉमेडी से भरपूर होने का संकेत देता है। खास बात यह है कि प्रीति जिंटा इन दिनों सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' में अपने अभिनय को लेकर चर्चा में हैं और अब 'वाइब' में उनका नया अंदाज देखने को मिलेगा।

'वाइब' के जरिए कुणाल खेमू एक बार फिर निर्देशन के साथ अभिनय की दोहरी जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। फिल्म की कहानी और अन्य जानकारियों को फिलहाल निर्माताओं ने पर्दे में रखा है। हालांकि, मोशन पोस्टर के बाद दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। एक्शन, कॉमेडी और दिलचस्प स्टारकास्ट के साथ तैयार की गई यह फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब दर्शकों की नजर 21 अगस्त को आने वाले टीजर पर है, जिससे फिल्म की कहानी और किरदारों की पहली विस्तृत झलक सामने आने की उम्मीद है।

You might also like!




Advertisment