नेपाल में हुई साम्प्रदायिक हिंसा की जांच रिपोर्ट गृह मंत्री को सौंपी गई


विदेश 18 August 2026
post

नेपाल में हुई साम्प्रदायिक हिंसा की जांच रिपोर्ट गृह मंत्री को सौंपी गई

काठमांडू, 18 अगस्त । नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज और सिरहा के गोलबाजार में हुई साम्प्रदायिक दंगे की जांच के लिए गठित सरकारी समितियों ने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी है।

देवानगंज गांवपालिका के कप्तानगंज में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच 26 जुलाई को हुई झड़प का असर मधेस प्रदेश में भी फैल गया था।

कप्तानगंज में हुई झड़प के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई थी। सुनसरी में गोली लगने से कप्तानगंज निवासी 30 वर्षीय ओमप्रकाश मेहता, 20 वर्षीय जयप्रकाश मेहता और 22 वर्षीय रवीन्द्र मेहता की जान चली गई थी।

वहीं, सिरहा के गोलबाजार में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ झड़प में 18 वर्षीय गणेश यादव की मौत हो गई थी। सरकार ने दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच के लिए समितियां गठित कर स्थलगत अध्ययन और जांच कराई थी।

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता एवं सहसचिव आनंद काफ्ले ने बताया कि दोनों समितियों ने मंगलवार को गृहमंत्री सुदन गुरुंग को अपनी रिपोर्ट सौंप दी। उन्होंने कहा, “दोनों समितियों की जांच रिपोर्ट आ गई है। इसमें दिए गए निष्कर्ष और सिफारिशों का अध्ययन किया जा रहा है।”

कप्तानगंज की घटना की जांच गृह मंत्रालय के सहसचिव भूपेन्द्र थापा के नेतृत्व वाली समिति ने की थी। वहीं, सिरहा के गोलबाजार में हुई घटना की जांच गृह मंत्रालय के एक अन्य सहसचिव पुष्पराज शाही के नेतृत्व वाली समिति ने की और सिफारिशों सहित रिपोर्ट सौंप दी है।

You might also like!




Advertisment