भागलपुर, 17 अगस्त। मंदार पर्वत और उसके आसपास के मनोरम स्थलों पर सोमवार को एक सामाजिक शॉर्ट फिल्म के कई प्रमुख दृश्यों की शूटिंग सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस फिल्म का निर्माण भागलपुर के लोकप्रिय समाजसेवी सह प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक संजीव सुमन (मूल निवासी: ग्राम बभनगामा, जिला बांका) के निर्देशन में किया जा रहा है। यह फिल्म आज के समाज को एक सकारात्मक और अचूक संदेश देने के उद्देश्य से बनाई गई है।
फिल्म के दृश्यों में मंदार क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं पौराणिक गाथाओं के साथ-साथ प्रसिद्ध पापहरणी सरोवर की स्वच्छता और संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से फिल्माया गया है।
निर्देशक संजीव सुमन की छोटी पुत्री वृतिका सुमन 'डफली' तथा उभरती हुई प्रतिभावान लोक गायिका प्रतिज्ञा सिंह ने अपनी अभिनय क्षमता से विभिन्न दृश्यों में जीवंतता भरी।
मेहमान कलाकार तौसीफ खान एवं सुनील कुमार गुप्ता ने फिल्म में विशेष भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म का उत्कृष्ट दृश्यांकन जाने-माने कैमरामैन सलाम सागर द्वारा किया गया है। फिल्म के निर्देशक संजीव सुमन ने बताया कि मंदार की धरोहर और सामाजिक जागरूकता पर केंद्रित यह शॉर्ट फिल्म शूटिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही सभी प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।



















