मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी, आज भी कुछ जिलों में अलर्ट


शहर 17 August 2026
post

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी, आज भी कुछ जिलों में अलर्ट

भोपाल, 17 अगस्त  । मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी से एक्टिव स्ट्रॉन्ग सिस्टम के कारण अगले दो दिन प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा। इसके बाद सिस्टम पश्चिमी हिस्से की ओर बढ़ेगा और भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम तथा ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश कराएगा।

मौसम विभाग ने सोमवार को सीधी, मऊगंज और डिंडौरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। वहीं सतना, पन्ना, दमोह, कटनी, शहडोल, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी है।

इन जिलों में भी बारिश के आसार

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, पांढुर्णा, रीवा, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

भोपाल, ग्वालियर-चंबल में 17 से 19 अगस्त तक असर

मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा सिस्टम का असर भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभाग में भी दिखाई देगा। इन संभागों के कुछ जिलों में 17, 18 और 19 अगस्त को तेज बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 से 21 अगस्त तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश का दौर बना रहेगा। पूर्वी हिस्से में 15 से 19 अगस्त तक तेज बारिश होगी, जबकि इसके बाद पश्चिमी हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

प्रदेश में अब तक 21.4 इंच बारिश

मौसम केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 544.4 मिमी यानी 21.4 इंच बारिश हो चुकी है। सामान्य बारिश 618.8 मिमी यानी 24.4 इंच के मुकाबले यह करीब 3 इंच कम है। कुल मिलाकर प्रदेश में अब तक 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी हिस्से में 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 6 प्रतिशत बारिश सामान्य से कम है।

पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश 19 प्रतिशत तक कम हुई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में 2 प्रतिशत से 54 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई है। वहीं पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में 1 प्रतिशत से 48 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। जबकि भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में अब तक औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

You might also like!




Advertisment