नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को स्पीकर ने दिया सांसदों के सवालों का सदन में जवाब देने का निर्देश


विदेश 17 August 2026
post

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को स्पीकर ने दिया सांसदों के सवालों का सदन में जवाब देने का निर्देश

काठमांडू, 17 अगस्त । नेपाली संसद के अध्यक्ष (स्पीकर) डोल प्रसाद अर्याल ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को प्रतिनिधि सभा में उपस्थित होकर सांसदों के सवालों का जवाब देने का निर्देश दिया है।

प्रतिनिधि सभा की बैठक में सोमवार को स्पीकर अर्याल ने प्रधानमंत्री शाह को यह रूलिंग दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सदन में उपस्थित होकर नियमावली के नियम 56, 57, 58, 59 और 60 के अनुसार सांसदों के प्रश्नों का जवाब दें।

सोमवार को प्रतिनिधि सभा की बैठक शुरू होते ही विपक्षी दलों के सांसद अपनी सीटों से खड़े होकर विरोध जताने लगे। इसके बाद स्पीकर अर्याल ने कहा कि उन्होंने इस विषय को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रतिनिधि सभा नियमावली 2073 के नियम 56 के तहत प्रधानमंत्री या प्रधानमंत्री के कार्यक्षेत्र से संबंधित विषयों पर सदस्यों की प्रश्नोत्तर की मांग करते हुए किए जा रहे विरोध की ओर मेरा ध्यान गया है।

विपक्षी दलों के सांसद प्रधानमंत्री शाह के एक बयान को लेकर उनसे स्पष्टीकरण की मांग कर रहे हैं। प्रधानमंत्री शाह ने प्रतिनिधि सभा की बैठक में सांसदों के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि नेपाल ने भी भारत की जमीन पर अतिक्रमण किया है। इस बयान को लेकर विपक्षी सांसद लगातार विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री को संसद में उपस्थित होकर इस मामले पर स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।

इसके अलावा प्रतिनिधि सभा की नियमावली में हर महीने के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री के साथ सांसदों का प्रश्नोत्तर कार्यक्रम आयोजित करने का प्रावधान है। इसी व्यवस्था के तहत सांसद प्रधानमंत्री की संसद में उपस्थिति की मांग भी कर रहे हैं।

You might also like!




Advertisment