आउटर दिल्ली की जीत के नायक रहे हर्ष त्यागी बोले- बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों को देता हूं बराबर महत्व


खेल 17 August 2026
post

आउटर दिल्ली की जीत के नायक रहे हर्ष त्यागी बोले- बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों को देता हूं बराबर महत्व

नई दिल्ली, 17 अगस्त ।दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में रविवार रात पुरानी दिल्ली 6 के खिलाफ हाई स्कोरिंग मुकाबले में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 21 रन से जीत दर्ज की। टीम की जीत में हरफनमौला हर्ष त्यागी ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया।

अपने प्रदर्शन पर बात करते हुए त्यागी ने कहा, “जब मैं बल्लेबाजी के लिए गया तो छह ओवर बचे थे और लक्ष्य 200 रन तक पहुंचना था। मैंने करीब 30 महत्वपूर्ण रन बनाए। गेंदबाजी में मेरे पहले दो ओवर मुश्किल रहे, लेकिन आखिरी दो ओवर में मैंने रनों पर नियंत्रण रखने पर ध्यान दिया।”

महत्वपूर्ण ओवरों में अपनी गेंदबाजी की रणनीति के बारे में उन्होंने कहा, “मुझे पता था कि इन स्लॉग ओवरों में कुछ रन खर्च हो सकते हैं, लेकिन मुझे अपनी तैयारी पर भरोसा था। मैंने पूरे साल दिल्ली में यॉर्कर और धीमी गेंदों पर काफी काम किया है, ताकि बल्लेबाजों को अनुमान लगाने में परेशानी हो। सबसे महत्वपूर्ण चीज गेंद का सही तरीके से इस्तेमाल करना था। मैंने मैदान पर जो योजना बनाई थी, उसे अच्छी तरह लागू किया।”

अपने ऑलराउंडर की भूमिका को लेकर त्यागी ने कहा, “मैं अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों को बराबर महत्व देता हूं। मैं खुद को गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में देखता हूं, जो पूरे ओवर गेंदबाजी कर सकता है और निचले क्रम में अच्छी स्ट्राइक रेट के साथ योगदान दे सकता है।”

पहले बल्लेबाजी करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 20 ओवर में 219/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। यशज शर्मा ने 36 गेंदों में 86 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने प्रियंश आर्य के साथ पहले विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की। आर्य ने 21 गेंदों में 30 रन बनाए।

इसके बाद हर्ष त्यागी ने 15 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली, जबकि अक्षय सैनी ने 23 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया। पुरानी दिल्ली 6 की ओर से दिग्वेश राठी ने 4 ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट लिए।

220 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पुरानी दिल्ली 6 को आर्यन गौर और समर्थ सेठ ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 104 रन जोड़े। गौर ने 37 गेंदों में 65 और सेठ ने 24 गेंदों में 42 रन बनाए।

हालांकि अमन चौधरी ने अपने पहले तीन ओवर में तीन विकेट लेकर मुकाबले का रुख पलट दिया। इन झटकों से पुरानी दिल्ली 6 की रन गति धीमी पड़ गई और लक्ष्य लगातार दूर होता गया।

ललित यादव और अश्विनी चिल्लर ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन आखिरी ओवर में पुरानी दिल्ली 6 को जीत के लिए 41 रन चाहिए थे। आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने आखिरकार मुकाबला 21 रन से अपने नाम कर लिया।

You might also like!




Advertisment