मप्रः मुख्यमंत्री आज करेंगे संत रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा का शुभारंभ


शहर 18 August 2026
post

मप्रः मुख्यमंत्री आज करेंगे संत रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा का शुभारंभ

भोपाल, 18 अगस्त । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को संत शिरोमणि गुरू रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर पूर्वान्ह 11 बजे भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश व्यापी समरसता संकल्प अभियान एवं कलश यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए पावन कलश रवाना किए जाएंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी पंकज मित्तल ने बताया कि संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में उनके जीवन-दर्शन और समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से राज्य व्यापी समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत क्रमबद्ध रूप से प्रदेश, जिला एवं ग्राम स्तर पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

प्रत्येक जिले में होगी कलश रथ यात्रा

उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्गत समस्त जिला मुख्यालयों पर 20 अगस्त, 2026 को कलश वंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पावन कलश को कलश रथ में स्थानीय रविदास मंदिर एवं ग्राम स्तर तक ले जाया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक जिले में 20 अगस्त से 10 सितम्बर 2026 तक निर्धारित मार्ग पर कलश रथ यात्रा आयोजित की जाएगी।

स्थानीय स्तर पर होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, अभियान के दौरान जिला एवं ग्राम स्तर एवं चिन्हित स्थानीय मंदिरों में विविध स्वरुप के आयोजन यथा सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प और अन्य स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय संतों, गुरुओं, समाज के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक निकलेगी समरसता यात्रा

श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा 5 अक्टूबर से 5 नवम्बर, 2026 के मध्य आयोजित होगी। इसमें डेरा सचखण्ड, बल्लन (जालंधर) से प्रारंभ होने वाली यात्रा मध्यप्रदेश राज्य के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगी। यात्रा के प्रमुख पड़ावों पर यात्रा का भव्य स्वागत, समरसता संकल्प, समरसता गोष्ठी और समता, सेवा, सामाजिक न्याय एवं बेगमपुरा के आदर्श समाज संबंधी संदेश पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संत संपर्क कार्यक्रम

प्रदेश स्तर पर 18 से 31 अगस्त, 2026 तक संत संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत संतों एवं गुरुओं को अभियान के उद्देश्य एवं गतिविधियों से अवगत कराते हुए विभिन्न सामाजिक समरसता कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

कार्यक्रम का नोडल एवं समन्वयकर्ता विभाग अनुसूचित जाति कल्याण विभाग एवं जनजातीय जिलों में जनजातीय कार्य विभाग होगा। जिला मुख्यालय/नगरीय क्षेत्रों में नगरीय विकास एवं आवास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा जन अभियान परिषद द्वारा अभियान के संबंध में जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी बढ़ाने के लिए आवश्यक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम अतंर्गत संस्कृति विभाग द्वारा अभियान से संबंधित सांस्कृतिक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के आयोजन, समन्वय एवं संयोजन की कार्यवाही की जाएगी।

You might also like!




Advertisment