लंदन, 20 अगस्त । दुनिया की सबसे लोकप्रिय फुटबॉल लीग में से एक प्रीमियर लीग 2026-27 सत्र के लिए तैयार है। मौजूदा चैंपियन आर्सेनल अपने खिताब का बचाव करने उतरेगा, जबकि कोवेंट्री सिटी, हल सिटी और इप्सविच टाउन की शीर्ष स्तर पर वापसी होगी। दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी, बड़े क्लब और अनुभवी मैनेजर एक बार फिर खिताब, यूरोपीय प्रतियोगिताओं में जगह और रेलीगेशन से बचने की जंग में आमने-सामने होंगे।
आर्सेनल के सामने खिताब बचाने की चुनौती
2025-26 का रोमांचक सत्र जीतकर आर्सेनल 2003-04 के बाद पहली बार प्रीमियर लीग चैंपियन बना। इसके साथ ही पिछले तीन सत्र में तीन अलग-अलग क्लब चैंपियन बने। 2023-24 में मैनचेस्टर सिटी और 2024-25 में लिवरपूल ने खिताब जीता था। इस सत्र में रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए नौ प्रीमियर लीग क्लब यूरोपीय प्रतियोगिताओं में खेलेंगे, जिनमें पांच यूईएफए चैंपियंस लीग में हिस्सा लेंगे। इंग्लैंड के यूईएफए गुणांक रैंकिंग में शीर्ष पर रहने के कारण प्रीमियर लीग को लगातार दूसरे सत्र चैंपियंस लीग में अतिरिक्त स्थान मिला है।
मामूली अंतर से तय हुए कई मुकाबले
2025-26 सत्र की सबसे बड़ी विशेषता मुकाबलों का आखिरी क्षण तक रोमांचक बने रहना रही। कुल 115 गोल 90वें मिनट या उसके बाद किए गए, जो सभी गोलों का 11 प्रतिशत था। 142 मैचों का फैसला सिर्फ एक गोल के अंतर से हुआ, जो कुल मुकाबलों का 37.3 प्रतिशत है। प्रमोशन के बाद सुंदरलैंड एएफसी ने सातवां स्थान हासिल किया और 2018-19 में वॉल्व्स के बाद सातवें स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ नई टीम बनी। इस प्रदर्शन से सुंदरलैंड ने नए सत्र के लिए यूईएफए यूरोपा लीग में जगह बनाई।
बोर्नमाउथ ने छठे स्थान पर रहते हुए क्लब इतिहास में पहली बार यूरोपीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया और यूरोपा लीग में स्थान हासिल किया।
दूसरी ओर, वेस्ट हैम यूनाइटेड 39 अंक हासिल करने के बावजूद रेलीगेट हो गया। यह 2010/11 के बाद पहली बार है जब क्लब को निचली लीग में जाना पड़ा। 39 अंक किसी रेलीगेट टीम के लिए सबसे अधिक हैं; इससे पहले 2010/11 में बर्मिंघम सिटी और ब्लैकपूल भी 39 अंक के साथ रेलीगेट हुए थे।
कोवेंट्री, हल और इप्सविच की वापसी
नए सत्र में कोवेंट्री सिटी, हल सिटी और इप्सविच टाउन प्रीमियर लीग में वापसी करेंगी। कोवेंट्री ने चैंपियनशिप जीतकर 25 साल बाद शीर्ष स्तर में वापसी की है। उसके साथ फ्रैंक लैम्पार्ड भी प्रीमियर लीग डगआउट में लौटे हैं। पूर्व चेल्सी मिडफील्डर और प्रीमियर लीग हॉल ऑफ फेमर लैम्पार्ड खिलाड़ी के रूप में तीन बार प्रीमियर लीग चैंपियन रहे हैं।
इप्सविच टाउन सिर्फ एक सत्र चैंपियनशिप में बिताने के बाद लौट आई है। टीम की कमान गैरी ओ'नील संभालेंगे, जिन्हें बोर्नमाउथ और वॉल्व्स के साथ प्रीमियर लीग का अनुभव है। हल सिटी भी एक दशक बाद प्रीमियर लीग में लौटी है। उसने मिडल्सब्रो को प्ले-ऑफ फाइनल में अंतिम मिनट के गोल से हराकर प्रमोशन हासिल किया।
दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों का मंच
प्रीमियर लीग की वैश्विक लोकप्रियता उसके खिलाड़ियों की विविधता से भी स्पष्ट होती है। पिछले सत्र में 20 क्लबों में 67 देशों के खिलाड़ी शामिल थे, जबकि लीग के इतिहास में अब तक 128 राष्ट्रीयताओं के खिलाड़ी खेल चुके हैं। दुनिया के शीर्ष 100 खिलाड़ियों में से 46 प्रतिशत प्रीमियर लीग में खेलते हैं। इनमें इंग्लैंड के खिलाड़ी 14 प्रतिशत के साथ सबसे आगे हैं।
एर्लिंग हालैंड ने सिर्फ 111 मैचों में 100 प्रीमियर लीग गोल पूरे कर एलन शियरर का 124 मैचों का रिकॉर्ड तोड़ा। वहीं मैनचेस्टर यूनाइटेड के कप्तान ब्रूनो फर्नांडीस ने एक सत्र में 21 असिस्ट देकर नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने थिएरी हेनरी और केविन डी ब्रुइन के 20 असिस्ट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
भारत में 9.04 अरब मिनट देखा गया प्रीमियर लीग
भारत में भी प्रीमियर लीग की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। जियोस्टार और नीलसन की बीएआरसी डेटा आधारित संयुक्त स्टडी के अनुसार 2025-26 सत्र में भारत में जियोस्टार नेटवर्क पर प्रीमियर लीग का वॉच टाइम 9.04 अरब मिनट से अधिक रहा। भारत में लीग के 14.45 करोड़ फॉलोअर्स हैं और पिछले पांच वर्षों में लीनियर टेलीविजन तथा डिजिटल रीच 2.4 गुना बढ़ी है। राजस्थान, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी पांच साल पहले 12 प्रतिशत थी, जो अब करीब 25 प्रतिशत हो गई है। इन क्षेत्रों में वृद्धि 200 प्रतिशत से अधिक रही है।
एक मिलियन से अधिक आबादी वाले गैर-मेट्रो शहर मोबाइल और वेब व्यूज में 55 प्रतिशत, जबकि कनेक्टेड टीवी व्यूइंग में 63 प्रतिशत हिस्सेदारी रखते हैं। भारत में प्रीमियर लीग का लीनियर टीवी वॉच टाइम यूईएफए चैंपियंस लीग से करीब तीन गुना बताया गया है।
लैम्पार्ड और आर्टेटा की नजरें बड़ी चुनौती पर
फ्रैंक लैम्पार्ड ने कहा कि कोवेंट्री का लक्ष्य प्रीमियर लीग में बने रहना है और इसके लिए मैदान पर कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने टीम की वापसी को क्लब के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
आर्सेनल के कोच मिकेल आर्टेटा ने लगातार दूसरी बार प्रीमियर लीग खिताब जीतने की इच्छा जताई। उनका कहना है कि टीम में इसके लिए जुनून, इच्छा, क्षमता और विश्वास मौजूद है और अब क्लब को अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए और बड़े खिताब जीतने होंगे।
पहले दौर में आर्सेनल की भिड़ंत कोवेंट्री से
शनिवार, 22 अगस्त: आर्सेनल बनाम कोवेंट्री सिटी — रात 12:30 बजे; हल सिटी बनाम मैनचेस्टर यूनाइटेड — शाम 5 बजे; एवर्टन बनाम क्रिस्टल पैलेस और इप्सविच टाउन बनाम सुंदरलैंड — शाम 7:30 बजे; नॉटिंघम फॉरेस्ट बनाम लीड्स यूनाइटेड — शाम 7:30 बजे; ब्रेंटफोर्ड बनाम टोटेनहम हॉटस्पर — रात 10 बजे।
रविवार, 23 अगस्त: ब्राइटन एंड होव एल्बियन बनाम एस्टन विला और मैनचेस्टर सिटी बनाम एएफसी बोर्नमाउथ — शाम 6:30 बजे; न्यूकैसल यूनाइटेड बनाम लिवरपूल — रात 9 बजे।
मंगलवार, 25 अगस्त: फुलहम बनाम चेल्सी — रात 12:30 बजे।
सभी समय भारतीय समयानुसार हैं।



















