राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने किया 6.85 करोड़ के विकास कार्यों की भूमिपूजन और लोकार्पण


शहर 24 August 2026
post

राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने किया 6.85 करोड़ के विकास कार्यों की भूमिपूजन और लोकार्पण

राजगढ़, 24 अगस्त । मध्य प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने राजगढ़ जिले ब्यावरा विधानसभा के सुठालिया और ब्यावरा में सोमवार को 6 करोड़ 85 लाख की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। विकास कार्यों में शिक्षा, सामुदायिक भवन, कृषि अधोसंरचना और धार्मिक स्थल तक पहुंच आसान बनाने वाले काम शामिल हैं।

सुठालिया के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री पंवार ने 5 करोड़ 43 लाख की लागत से बनने वाले 14 अतिरिक्त कक्षों, बाउंड्रीवॉल सहित अन्य निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा के लिए निःशुल्क साइकिल भी वितरित की गईं। सुठालिया के परलापुरा क्षेत्र में 17 लाख के सामुदायिक भवन और कृषि उपज मंडी ब्यावरा परिसर में 80 लाख के विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा सुठालिया स्थित श्याम खो महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 47 लाख की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया गया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के अनुसार सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी, जबकि सीसी रोड से मंदिर आने-जाने में श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

मंत्री पंवार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है। बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छा भवन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पहले विद्यालय का प्रांगण छोटा था, लेकिन अब इसका विस्तार हुआ है। करीब पांच करोड़ रुपए की लागत से 14 अतिरिक्त कक्षों वाला दो मंजिला भवन बनने से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा, “बेटे और बेटियां हमारी दो आंखें हैं। दोनों के सक्षम और शिक्षित होने से ही क्षेत्र और देश का भविष्य उज्ज्वल होगा।”

मंत्री ने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर मेहनत करने और परिवार, क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार शिक्षा, बेटियों के सशक्तिकरण और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, गिरिराज लोधी, प्रदीपसिंह परमार, नारायणसिंह सालरियाखेड़ी, मंडल अध्यक्ष श्यामसिंह चौहान, एसडीएम गोविंदकुमार दुबे, नायब तहसीलदार गोपाल चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिध,अधिकारी व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

You might also like!




Advertisment