पटियाला, 24 अगस्त । भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने सोमवार को कहा कि पार्टी आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी 117 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और राज्य में सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।
पटियाला में अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे के पहले दिन पहली जोनल बैठक को संबोधित करते हुए संतोष ने कहा कि पंजाब बदलाव के लिए तैयार है और भाजपा इस बदलाव को वास्तविकता में बदलने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को तेज करने और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
इससे पहले पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए कह चुके हैं कि भाजपा सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। सोमवार सुबह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने पर बीएल संतोष का स्वागत केवल सिंह ढिल्लों और पंजाब भाजपा के सह-प्रभारी नरेंद्र सिंह रैना ने किया।
अपने दौरे के दौरान संतोष पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा नेताओं और संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ जोनल बैठकें कर पार्टी की गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। सोमवार को पटियाला और बठिंडा में बैठकें निर्धारित की गईं। पटियाला जोन की बैठक में मोहाली, पटियाला नॉर्थ, पटियाला अर्बन, पटियाला साउथ, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बठिंडा जोन की बैठक में बरनाला, मानसा, बठिंडा ग्रामीण, बठिंडा शहरी, मुक्तसर साहिब, फाजिल्का और फरीदकोट के संगठनात्मक प्रतिनिधियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।

















