भोपाल, 25 अगस्त । मध्य प्रदेश में बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहेगा। टीकमगढ़, दमोह, नरसिंहपुर, बैतूल और राजगढ़ में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ढाई इंच से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। वहीं 20 अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार गुना, आगर-मालवा, शाजापुर, सीहोर, हरदा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, जबलपुर, कटनी, शहडोल, छतरपुर, पन्ना, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है। इन सभी 25 जिलों में ढाई इंच से ज्यादा पानी गिरने का अनुमान है।
इन जिलों में भी बारिश का दौर
भोपाल, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, डिंडौरी, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
भोपाल में 3 इंच बारिश, विदिशा में बाजार डूबा
सोमवार को भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। विदिशा के बाजार में पानी भरने से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि भोपाल में कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। पिछले 24 घंटे में नर्मदापुरम में औसतन 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा शिवपुरी के करेरा में 5.4 इंच, निवाड़ी के ओरछा में 3.3 इंच, सागर के रहली में 3 इंच, भोपाल के कोलार में 3.2 इंच, नवीबाग में 3.1 इंच और भोपाल शहर में 3 इंच बारिश हुई।
लो प्रेशर और ट्रफ से बना बारिश का सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ की एक्टिविटी बनी हुई है। इसी वजह से कई इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञों ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
40 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश
प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश अब भी सामान्य से 19 प्रतिशत तक कम है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी समेत जिलों में सामान्य से 6 प्रतिशत से 51 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई है।
पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, खंडवा, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में भी सामान्य से 1 प्रतिशत से 49 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
15 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन और राजगढ़ में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।


















